बिहार में क्लास में मोबाइल ले जाने पर रोक, शिक्षा मंत्री ने टीचरों को दिया सख्त निर्देश
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बांका में शिक्षकों को कक्षा में जाने से पहले अपना मोबाइल प्रधानाध्यापक को जमा करने का निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी। (फाइल फोटो)
HighLights
शिक्षक कक्षा में जाने से पहले मोबाइल जमा करें।
मोबाइल से कक्षा में व्यवधान होता है, पढ़ाई प्रभावित होती है।
कांवरिया पथ के स्कूलों को साफ-सुथरा रखने का निर्देश।
जागरण संवाददाता, बांका। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि शिक्षक विद्यालय पहुंचने पर कक्षा जाने से पूर्व अपना मोबाइल प्रधानाध्यापक को जमा कर दें।
मोबाइल लेकर कक्षा में जाने पर कई बार फोन आ जाने पर कक्षा में अक्सर व्यवधान आ जाता है। इससे उनके साथ उनके बच्चों की भी परेशानी बढ़ती है।
मेरा अनुरोध है कि शिक्षक खुद इस नियम का पालन करें। इस संबंध में विभाग को कोई आदेश जारी नहीं करना पड़े। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत तमाम शिक्षा अधिकारियों की बांका परिसदन में बैठक लेते हुए कहा कि शिक्षा अधिकारी पहले शिक्षकों से इस संबंध में एक अनुरोध करें।
इसमें व्यापक सुधार नहीं होने पर शिक्षा विभाग पत्र जारी कर इसका अनुपालन कराएगा। परिसदन में जिला के शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि बांका में शिक्षकों की कमी को स्थानांतरण प्रक्रिया के बाद हद तक पूरी कर ली जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कांवरिया पथ के किनारे पड़ने वाले सभी सरकारी विद्यालयों को आप अपडेट कर लें। उसकी साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन सही तरीके से हो, ताकि दूर देश से आने वाले कांवड़ियों को बिहार के सरकारी स्कूलों की व्यवस्था ठीक-ठाक दिखे।
बच्चों की पढ़ाई न हो बाधित
उन्होंने कहा कि वहां बच्चों का पठन-पाठन और एमडीएम भी सही से चलाना सुनिश्चित करें। मेला के दौरान बच्चों की पढ़ाई किसी कीमत पर बाधित नहीं होने देना है।
साथ ही स्कूली बच्चों के पथ पर नहीं दिखना भी सुनिश्चित करें। बच्चे विद्यालय अवधि में कक्षा के अंदर पढ़ाई करते दिखना चाहिए। बैठक में बांका के विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्य, मॉडल स्कूल आदि की भी समीक्षा की।
खबरें और भी
बैठक में विधायक पुरणलाल टुडू, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक सुभाष गुप्ता, डीईटो देवनारायण पंडित, डीपीओ संजय कुमार व मु. फैयाज रहमान, गुणवत्ता शिक्षा समन्वयक मनोहर सिंह, सैय्यद जावेद, नीतीश कुमार सहित समग्र शिक्षा के सभी कर्मी, अभियंता, सभी बीईओ प्रमुख रूप से उपस्थित थे।