बांकावासियों को सौगात: बौंसी में 5.45 करोड़ से बना नया अस्पताल, ढाई लाख की आबादी को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
बौंसी में 5.45 करोड़ रुपये की लागत से बना दो मंजिला 30 बेड का नया अस्पताल भवन लगभग तैयार है। इसमें 14 कमरे, 4 हॉल और ऑक्सीजन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जै ...और पढ़ें
-1775209115002_m.webp)
बौंसी में 30 बेड का आधुनिक अस्पताल तैयार। फोटो जागरण
HighLights
5.45 करोड़ रुपये की लागत से बना नया अस्पताल।
30 बेड, ऑक्सीजन, एक्स-रे जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध।
ढाई लाख आबादी को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य लाभ।
संवाद सहयोगी, बौंसी (बांका)। क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी है। शहर के बीच स्थित पुराने अस्पताल परिसर में करीब 5.45 करोड़ रुपये की लागत से बना नया दो मंजिला अस्पताल भवन अब लगभग तैयार हो चुका है। भवन में फिनिशिंग और रंग-रोगन का कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही इसे स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किए जाने की संभावना है।
रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि इस भवन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जाएगा। आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए इस अस्पताल में 30 बेड की व्यवस्था होगी।
मरीजों को उपलब्ध कराई जाएंगी बेहतर सुविधाएं
भवन में 14 कमरे और चार बड़े हॉल बनाए गए हैं, जहां मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां आक्सीजन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलाजी जैसी सुविधाएं मिलने से मरीजों को रेफर करने की जरूरत काफी कम हो जाएगी।
इस नए अस्पताल के शुरू होने से शहरी क्षेत्र सहित पूरे प्रखंड की करीब ढाई लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में बेहतर इलाज के लिए लोगों को जो परेशानियां झेलनी पड़ती हैं, उसमें काफी कमी आएगी।
शहर के मुख्य स्थान पर स्थित होने के कारण आपात स्थिति में मरीजों को यहां लाना भी आसान होगा। स्थानीय लोगों ने इस नए भवन में ट्रामा सेंटर शुरू करने की मांग भी की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित और बेहतर उपचार मिल सके।