बांका में रील बनाने के चक्कर में हादसा: मुंगेर के 2 युवकों की डैम में डूबने से मौत, 3 की बची जान
बदुआ हनुमाना डैम में रील बनाने और स्नान के दौरान मुंगेर के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1783796567935_m.webp)
जिंदा बचे दोस्त देव बीच में, आरव कुमार शुरू में और पीछे बैठा आयुष कुमार। (जागरण)
HighLights
बदुआ डैम में रील बनाने और नहाने के दौरान हादसा।
मुंगेर के गौरव और अभिनव की डूबने से हुई मौत।
एक दोस्त को बाल पकड़कर बचाया गया, पुलिस जांच जारी।
संवाद सूत्र, बेलहर (बांका)। बदुआ हनुमाना डैम के पूर्वी केनाल के समीप शनिवार को रील बनाने और स्नान के दौरान डूबने से मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बढ़ोनियां गांव के दो युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जयमंगल सिंह के पुत्र गौरव कुमार (20) और कौशल किशोर सिंह के पुत्र अभिनव कुमार उर्फ लक्की (21) के रूप में हुई है।
वहीं, शिवबंधु सिंह के पुत्र देव उर्फ लक्की कुमार (21) को उसके दोस्तों ने बाल पकड़कर बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गौरव, अभिनव, देव उर्फ लक्की, आयुष कुमार और आरव कुमार सहित कुछ दोस्त डैम पर स्नान और रील बनाने पहुंचे थे।
-1783796740498.jpg)
आयुष कुमार ने बताया कि रील बनाने के लिए कैमरा उसके पास था। डैम पर आने की योजना दो दिनों से बन रही थी। शनिवार को गौरव और अभिनव ने अन्य दोस्तों को फोन कर बुलाया। कुछ दोस्तों के मना करने के बावजूद वे देव, आयुष और आरव के साथ बाइक से डैम पहुंच गए।
सभी युवक सीढ़ियों के रास्ते जलस्तर तक पहुंचे और स्नान के लिए पानी में उतर गए। आयुष और आरव कमर तक पानी में ही रुके रहे, जबकि गौरव, अभिनव और देव आगे बढ़ गए।
गर्दन तक पानी पहुंचने पर भी उन्हें रोका गया, लेकिन देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में चले गए। गौरव और अभिनव डूबने लगे। इसी दौरान देव भी पानी में समा गया।
बाल पकड़कर खींचकर बचाया
आयुष और आरव ने तत्परता दिखाते हुए देव के बाल पकड़कर उसे बाहर खींच लिया। वह बेहोश हो गया था। दोनों ने उसके सीने को दबाकर प्राथमिक प्रयास किया, जिसके करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया।
घटना की सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रारंभ में बिज्जीखरबा गांव के दो लोगों ने शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन करीब 20 फीट गहराई होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद डैम के संवेदक ने बलसरा गांव से डेंगी नाव मंगवाई। नाव और झग्गड़ की मदद से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शव बाहर निकाले गए।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतकों के गांव और स्वजनों में शोक की लहर है।