Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेगूसराय में भारत बंद पर हाई अलर्ट: सड़क पर उतरे DM-SP, हिंसा पर होगी सख्त कार्रवाई

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 11:36 AM (IST)

    बेगूसराय में भारत बंद को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है, डीएम-एसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। ...और पढ़ें

    शांति मार्च में शामिल डीएम श्रीकांत शास्त्री व एसपी मनीष

    शांति मार्च में शामिल डीएम श्रीकांत शास्त्री व एसपी मनीष

    HighLights

    1. बेगूसराय में भारत बंद को लेकर हाई अलर्ट।

    2. डीएम-एसपी स्वयं कर रहे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी।

    3. हिंसा, तोड़फोड़ पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई।

    जागरण संवाददाता, बेगूसराय। भारत बंद को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

    समाहरणालय मुख्य द्वार, कचहरी रोड, एनएच-31, हरहर महादेव चौक, सुभाष चौक, बस स्टैंड, ट्रैफिक चौक समेत शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। दंगा नियंत्रण वाहन, जल तोप, अग्निशमन वाहन और विशेष पुलिस बल को भी तैनात रखा गया है।

    जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष स्वयं लगातार शहर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को किसी भी अप्रिय स्थिति से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

    Begusarai

    भारत बंद से एक दिन पहले बेगूसराय पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। पुलिस ने कहा था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन सभी का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन हिंसा, आगजनी, पत्थरबाजी, तोड़फोड़ तथा सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने छात्रों से किसी भी उकसावे में नहीं आने तथा अभिभावकों से बच्चों का मार्गदर्शन करने की अपील की थी।

    23 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय मुख्य द्वार पर हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था। घटना के बाद पुलिस ने 30 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कीं। मामले में छह लोगों को नामजद करते हुए 100 से अधिक अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

    सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद कुमार पांडे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच चिन्हित उपद्रवियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

    खबरें और भी

    जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण विरोध पर कोई रोक नहीं है, लेकिन हिंसा, सड़क जाम, तोड़फोड़, आगजनी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर दें। प्रशासन का संदेश स्पष्ट है कि लोकतांत्रिक विरोध का सम्मान है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के साथ किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बिहार बंद: पटना में बंद समर्थकों को पुलिस ने खदेड़ा, 21 हिरासत में, अन्‍य जि‍लों में कैसा असर, देखें तस्‍वीरें

    यह भी पढ़ें- बिहार बंद: आरा में जगह-जगह प्रदर्शन और सड़क जाम, आइसा और इनौस के कार्यकर्ता कर रहे आंदोलन