भागलपुर ब्लड बैंक में दलाली पर लगेगी लगाम, डोनेशन के लिए आधार लिं-बायोमेट्रिक और टोकन सिस्टम होगा लागू
भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में दलाली रोकने के लिए अब सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्था लागू की जाएगी। ...और पढ़ें

HighLights
ब्लड बैंक में दलाली रोकने को सॉफ्टवेयर व्यवस्था।
रक्तदान प्रक्रिया होगी पूरी तरह पारदर्शी, बायोमेट्रिक लिंक।
तीन माह से पहले दोबारा रक्तदान पर लगेगी रोक।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में दलाली रोकने के लिए अब साफ्टवेयर आधारित व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है।
पहले गठित निगरानी टीम के बावजूद दलाली पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। अब ब्लड बैंक प्रशासन ऐसा साफ्टवेयर तैयार कराने की योजना बना रहा है, जिससे रक्तदान की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो सके।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अजय प्रताप ने बताया कि नया साफ्टवेयर सभी कंप्यूटरों में लगाया जाएगा। इसमें रक्तदाता का नाम, रक्तदान की तिथि और आधार नंबर लिंक रहेगा। साथ ही रक्तदाता का बायोमेट्रिक (अंगूठे का निशान) भी दर्ज किया जाएगा।
साफ्टवेयर यह भी सुनिश्चित करेगा कि कोई व्यक्ति तीन माह की निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले दोबारा रक्तदान न कर सके। समय से पहले रक्तदान का प्रयास होने पर सिस्टम स्वत: अलर्ट देगा।
रक्तदाताओं को टोकन दिया जाएगा और उनका नंबर ब्लड बैंक के बाहर लगी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। इससे प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और अनावश्यक हस्तक्षेप की संभावना कम होगी।
डॉ. अजय प्रताप ने बताया कि जरूरत के अनुरूप साफ्टवेयर विकसित करने के लिए एजेंसियों से जल्द कोटेशन मांगा जाएगा। इसके बाद निविदा प्रक्रिया पूरी कर चयनित एजेंसी को साफ्टवेयर विकसित करने का कार्य सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें- JLNMCH में डॉक्टरों की कमी खत्म, 4 प्रोफेसर और 52 सीनियर रेजिडेंट की हुई नियुक्ति