JLNMCH में डॉक्टरों की कमी खत्म, 4 प्रोफेसर और 52 सीनियर रेजिडेंट की हुई नियुक्ति
जेएलएनएमसीएच भागलपुर में डॉक्टरों की कमी दूर हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने चार चिकित्सकों को प्रोफेसर और 52 सीनियर रेजिडेंट की तैनाती की है, जिससे मरीज ...और पढ़ें

HighLights
जेएलएनएमसीएच में डॉक्टरों की कमी हुई दूर।
चार चिकित्सक प्रोफेसर, 52 सीनियर रेजिडेंट नियुक्त।
छह फैकल्टी एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में डॉक्टरों की कमी दूर हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जारी आदेश में चार चिकित्सकों को प्रोफेसर बनाया है, जबकि 52 सीनियर रेजिडेंट (एसआर) की तैनाती की है। इसके अलावा छह फैकल्टी को एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है। इससे कई ऐसे विभागों में राहत मिली है, जहां प्रोफेसर या एसोसिएट प्रोफेसर का अभाव था।
52 सीनियर रेजिडेंट की तैनाती मेडिसिन, एनेस्थीसिया, सर्जरी, पैथोलाजी समेत उन विभागों में की गई है, जहां एसआर की कमी थी। सभी को 15 दिनों के भीतर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इनके योगदान के बाद मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलने के साथ विभिन्न विभागों में चिकित्सकों की कमी भी दूर होगी।
पूर्व अधीक्षक डॉ. राकेश कुमार भी बने प्रोफेसर
स्वास्थ्य विभाग की विशेष कार्य पदाधिकारी रेणू कुमारी की ओर से जारी पत्र के अनुसार, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. महेश कुमार, चर्म रोग विभाग के डॉ. राजीव रंजन झा, सर्जरी विभाग के डॉ. राकेश कुमार तथा टीबी एवं चेस्ट विभाग के डॉ. विरेंद्र कुमार शर्मा को प्रोफेसर बनाया गया है। डॉ. राकेश कुमार पहले अस्पताल अधीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वहीं, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. आशुतोष रंजन, नेत्र रोग विभाग के डॉ. विनोद कुमार, गायनी विभाग की डॉ. सीमा कुमारी, मनोरोग विभाग के डॉ. कार्निक किशोर, रेडियोलाजी विभाग के डॉ. मुकेश भारती तथा सर्जरी विभाग के डॉ. हरी शंकर दास को एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है।
खबरें और भी
कॉलेज में जो प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर समेत अन्य पदों की कमी थी, उसे मुख्यालय ने पूरा कर दिया है। अब एनएमसी की गाइडलाइन भी पूरी हो गई है। लगातार प्रयास से यह सफलता मिली है।
डॉ. संदीप लाल, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज