Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर में कन्ना किताब के धंधे को लेकर पार्षद पति और कुख्यात रहमत कुरैशी में मारपीट; 'कल्लू जैसा हाल करने' की दी धमकी

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 06:53 PM (IST)

    भागलपुर के मोजाहिदपुर में कन्ना किताब के अवैध कारोबार को लेकर वार्ड पार्षद पति मिंटू कुरैशी और कुख्यात रहमत कुरैशी के बीच मारपीट हुई। रहमत ने मिंटू को ...और पढ़ें

    मोजाहिदपुर के मियां साहब मैदान में आमने-सामने आए दो गुट; धंधे का विरोध करने पर मिली सरेआम हत्या की धमकी

    मोजाहिदपुर के मियां साहब मैदान में आमने-सामने आए दो गुट; धंधे का विरोध करने पर मिली सरेआम हत्या की धमकी

    HighLights

    1. कन्ना किताब के अवैध धंधे पर हुआ विवाद।

    2. कुख्यात रहमत कुरैशी ने दी जान से मारने की धमकी।

    3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र स्थित मियां साहब मैदान में गुरुवार को कन्ना किताब के अवैध कारोबार के वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच भारी तनाव और मारपीट की घटना सामने आई। इलाके में इस धंधे के विरोध को लेकर कुख्यात अपराधी रहमत कुरैशी और स्थानीय वार्ड पार्षद शाहिदा खातून के पति मिंटू कुरैशी आमने-सामने आ गए।

    कहा-सुनी के दौरान मिंटू कुरैशी ने जब अपने इलाके में यह धंधा नहीं होने देने की सख्त बात कही, तो रहमत कुरैशी आगबबूला हो गया। उसने सरेआम धमकी दी कि "जिस तरह कल्लू मियां को गोलियों से छलनी किया गया था, उसी तरह तुम्हारी भी हत्या कर देंगे।" इसके बाद दोनों के बीच जमकर मारपीट और उठापटक हुई। देखते ही देखते दोनों ओर से भारी संख्या में लोग जुट गए और इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

    पुलिस के पहुंचते ही भागा कुख्यात, धरने पर बैठे पार्षद पति

    घटना की जानकारी मिलते ही मोजाहिदपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख कुख्यात रहमत कुरैशी और उसके समर्थक मौके से फरार हो गए। वहीं, वार्ड पार्षद पति मिंटू कुरैशी अपने समर्थकों के साथ मौके पर ही धरने पर बैठ गए।

    मिंटू कुरैशी ने आरोप लगाया कि अवैध धंधे का विरोध करने पर रहमत और इलाके के कुछ प्रभावशील सफेदपोश उसकी हत्या कराने पर उतारू हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने समय रहते सुरक्षा और कड़ा रुख नहीं अपनाया, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने समझा-बुझाकर वहां से धरना समाप्त कराया।

    खबरें और भी

    पुलिस की कार्रवाई और निगरानी

    मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार ने मौके पर किसी भी प्रकार की गोलीबारी की घटना से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने भी गोलीबारी से मना किया है। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को लिखित शिकायत देने को कहा है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    स्थानीय लोगों के अनुसार, आगामी नगर निगम और पार्षद चुनाव के नजदीक आते ही इस टकराव के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं। फिलहाल मोजाहिदपुर पुलिस मियां साहब मैदान, मुल्लाचक और शहबाज नगर में गश्त बढ़ाकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।

    यह भी पढ़ें- भागलपुर से चीन, लाओस और वियतनाम तक फैला 'कन्ना किताब' का जाल; अक्‍सर होता है यौन शक्ति बढ़ाने वाले इस धंधे में जंग