भागलपुर में कोविड मरीज मिलने के बाद रिंग सर्विलांस तेज, 500 घरों के लोगों की होगी जांच
भागलपुर के लालूचक में दो कोविड मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने रिंग सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
लालूचक में दो कोविड मरीज मिलने से हड़कंप।
स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया रिंग सर्विलांस अभियान।
500 घरों के लोगों की होगी कोविड जांच।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर के लालूचक इलाके में दो कोविड-19 संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए रिंग सर्विलांस अभियान तेज कर दिया है।
बुधवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर आसपास रहने वाले लोगों की कोविड जांच में जुटी रही। विभाग का लक्ष्य संक्रमित मरीजों के घर के आसपास स्थित करीब 500 घरों के लोगों की जांच कर संभावित संक्रमण का पता लगाना है।
जिला स्वास्थ्य समिति को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीपीएम मणिभूषण झा ने बताया कि एंबुलेंस के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों की टीम को प्रभावित क्षेत्र में भेजा गया।
शुरुआती चरण में छह लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से पांच की रिपोर्ट निगेटिव आई, जबकि एक व्यक्ति में इंफ्लूएंजा जैसे लक्षण पाए गए।
संक्रमित बुजुर्ग की देखभाल कर रही उनकी बेटी ने बताया कि उनके घर के आसपास आबादी कम होने के कारण शुरुआती दौर में केवल छह लोगों की जांच की गई।
रिंग सर्विलांस की प्रक्रिया जारी
वहीं, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि रिंग सर्विलांस की प्रक्रिया लगातार जारी है और बुधवार को लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट गुरुवार को प्राप्त होगी।
रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि प्रभावित क्षेत्र में संक्रमण कितना फैला है और आगे किन अतिरिक्त कदमों की आवश्यकता होगी।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में कोरोना का बढ़ा दायरा : 65 वर्षीय व्यापारी की बेटी भी पॉजिटिव, JLNMCH में पिता के साथ हुई भर्ती