भागलपुर के कौआ नदी पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद, पीरपैंती के लिए बदला गया रूट
कहलगांव स्थित कौआ नदी पुल की मरम्मत के कारण NH-80 पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
कौआ नदी पुल मरम्मत के कारण सभी वाहनों के लिए बंद।
हल्के वाहनों के लिए भागलपुर से घोघा होते हुए मार्ग।
भारी वाहन रात 9 से सुबह 6 बजे तक चलेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। राष्ट्रीय उच्च पथ-80 पर कहलगांव स्थित कौआ नदी पुल की मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है।
पुल के निरीक्षण के बाद संबंधित विभाग ने इसकी तत्काल मरम्मत आवश्यक बताई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुल से सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक यातायात वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हल्के वाहनों के लिए भागलपुर (जीरोमाइल) से घोघा, घोघा मोड़, एसएच-84, दोगच्छी ताड़र मोड़ होते हुए एनएच-80 (फोर लेन) के रास्ते पीरपैंती जाने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इसी मार्ग से पीरपैंती से भागलपुर आने वाले हल्के वाहन भी आवागमन करेंगे।
रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक ही चलेंगे भारी वाहन
भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। भागलपुर बाइपास, जगदीशपुर, कोतवाली, सन्हौला चौक, हनवारा, नयानगर, महगामा (केचुआ चौक), ललमटिया और बाराहाट होते हुए पीरपैंती तक जाने का मार्ग तय किया गया है।
यह व्यवस्था केवल रात्रि नौ बजे से प्रातः छह बजे तक लागू रहेगी। इसी मार्ग से पीरपैंती से भागलपुर आने वाले भारी वाहन भी संचालित होंगे।
निर्धारित समय के अतिरिक्त भागलपुर की ओर से आने वाले ट्रक बाइपास तथा पीरपैंती की ओर से आने वाले भारी वाहन बाराहाट में प्रतीक्षा करेंगे।
दिशासूचक बोर्ड लगाए गए, नियमों के पालन की अपील
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर दिशासूचक (साइनेज) बोर्ड भी लगाए हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद पुल पर सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा।
खबरें और भी
वैकल्पिक मार्ग
1. हल्के वाहनों के लिए (भागलपुर → पीरपैंती)
भागलपुर (जीरोमाइल) → घोघा → घोघा मोड़ → SH-84 → दोगच्छी ताड़र मोड़ → NH-80 (फोर लेन) → पीरपैंती
1. हल्के वाहनों के लिए (पीरपैंती → भागलपुर)
पीरपैंती → एनएच-80 (फोर लेन) → दोगच्छी ताड़र मोड़ → SH-84 → घोघा मोड़ → घोघा → भागलपुर (जीरोमाइल)
1. भारी वाहनों के लिए (भागलपुर → पीरपैंती)
(रात्रि 9:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक)
भागलपुर बाइपास (एनएच-80) → जगदीशपुर → कोतवाली → सन्हौला चौक → हनवारा → नयानगर → महगामा (केचुआ चौक) → ललमटिया → बाराहाट → पीरपैंती
1. भारी वाहनों के लिए (पीरपैंती → भागलपुर)
(रात्रि 9:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक)
पीरपैंती → बाराहाट → ललमटिया → महगामा (केचुआ चौक) → नयानगर → हनवारा → सन्हौला चौक → कोतवाली → जगदीशपुर → भागलपुर बाईपास (एनएच-80)