Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर के रंगरा में डिग्री कॉलेज स्थानांतरण पर ग्रामीणों का विरोध, राज्यपाल से हस्तक्षेप की लगाई गुहार

    By Shivam Singh ChauhanEdited By: Shashank Baranwal
    Updated: Sun, 28 Jun 2026 10:16 AM (GMT+05:30)

    रंगरा प्रखंड में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को तिनटंगा स्थानांतरित करने के विरोध में छात्र, अभिभावक और ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. डिग्री कॉलेज को तिनटंगा स्थानांतरित करने का विरोध।

    2. ग्रामीणों ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की।

    3. रंगरा को उच्च शिक्षा के लिए उपयुक्त बताया।

    संवाद सहयोगी, नवगछिया। रंगरा प्रखंड स्थित तेजनारायण उच्च विद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज को तिनटंगा स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के बाद क्षेत्र में विरोध तेज हो गया है। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के शैक्षणिक हितों के खिलाफ बताते हुए बिहार के राज्यपाल को आवेदन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है।

    ग्रामीणों का कहना है कि डिग्री कॉलेज का संचालन पूर्व निर्धारित स्थान तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा परिसर से ही कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का लाभ मिल सके।

    रंगरा को बताया सबसे उपयुक्त स्थान

    राज्यपाल को भेजे गए आवेदन में ग्रामीणों ने कहा है कि रंगरा प्रखंड भौगोलिक दृष्टि से केंद्रीय स्थान पर स्थित है। आसपास की अधिकांश पंचायतों से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। बेहतर सड़क संपर्क और सार्वजनिक परिवहन की सुविधा के कारण विद्यार्थियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

    वहीं, प्रस्तावित नया स्थान तिनटंगा गंगा नदी के किनारे स्थित है, जहां हर वर्ष बाढ़ और कटाव की समस्या बनी रहती है। ऐसे में बारिश और बाढ़ के मौसम में कॉलेज का नियमित संचालन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

    BhagalpurNews

    गरीब विद्यार्थियों और छात्राओं की शिक्षा पर असर की आशंका

    आवेदन में कहा गया है कि रंगरा एवं आसपास के अधिकांश परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। यदि कॉलेज को दूर स्थान पर स्थानांतरित किया गया तो विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन आना-जाना मुश्किल होगा। इसका सबसे अधिक असर छात्राओं की उच्च शिक्षा पर पड़ेगा, क्योंकि दूरी और परिवहन की समस्या के कारण कई छात्राएं पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो सकती हैं।

    खबरें और भी

    ग्रामीणों ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का विस्तार करना है। ऐसे में कॉलेज का संचालन ऐसे स्थान पर होना चाहिए, जहां अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

    राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग

    क्षेत्रवासियों ने राज्यपाल से जनहित, विद्यार्थियों के भविष्य और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तेजनारायण उच्च विद्यालय, रंगरा परिसर में ही डिग्री कॉलेज का संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलेज का स्थानांतरण न केवल विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ होगा, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

    इस मांग के समर्थन में दिवाकर सिंह, राकेश कुमार ठाकुर, पवन ठाकुर, धर्मेश कुमार झा, सहेंद्र ठाकुर, रंजीत ठाकुर, प्रदीप कुमार, रणवीर कुमार महतो, राहुल कुमार, आशुतोष सिंह, बीना देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज कराई है।

    यह भी पढ़ें- लगातार 7वें शनिवार भी ई-रिक्शा से ऑफिस पहुंचीं वैशाली DM, नो फ्यूल डे बना मिसाल

    यह भी पढ़ें- RCP के लिए खुला नीतीश का दरवाजा, लेक‍िन JDU में वापसी के लिए इनका स‍िग्‍नल जरूरी