बिहार के एक और पुल पर खतरा! शाहकुंड-असरगंज मेन रोड से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
शाहकुंड-असरगंज मुख्य मार्ग पर धमना नदी का पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। केवल छोटे वाहन 10 कि ...और पढ़ें

धमना नदी का पुराना पुल क्षतिग्रस्त। फोटो जागरण
HighLights
धमना नदी पुल क्षतिग्रस्त, भारी वाहनों पर प्रतिबंध।
छोटे वाहन 10 किमी/घंटा की गति से गुजरेंगे।
वैकल्पिक मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश।
संवाद सूत्र, शाहकुंड (भागलपुर)। बिहार के शाहकुंड-असरगंज मुख्य मार्ग पर स्थित धमना नदी का पुराना पुल क्षतिग्रस्त होने की आशंका के बाद प्रशासन ने भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
सदर एसडीओ विकास कुमार के निर्देशानुसार अब इस पुल से केवल छोटे वाहन ही गुजर सकेंगे और उनकी अधिकतम गति सीमा 10 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने 13 मई को पुल की जर्जर स्थिति को लेकर सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद शाहकुंड बीडीओ राजीव रंजन एवं सीओ डॉ. हर्षा कोमल ने पुल का निरीक्षण किया।
जांच में पुल क्षतिग्रस्त पाया गया, जिसकी रिपोर्ट सदर एसडीओ को सौंपी गई। जिसके बाद एसडीओ ने मंगलवार देर शाम आदेश जारी कर इस पुल होकर आवागमन बंद करने का आदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के ध्वस्त होने के बाद भारी वाहनों को मुंगेर की ओर से गंगा पार करना पड़ रहा है। जिससे इस पथ पर दबाव बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में इस पुल पर सुरक्षा कारणों से परिचालन बंद किए जाने से आमलोगों की परेशानी बढ़ गई है।
वैकल्पिक मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
सदर एसडीओ ने पुल के दोनों छोर पर लोहे के गार्डर बैरियर लगाने तथा छोटे वाहनों के लिए स्पीड ब्रेकर बनाने का निर्देश दिया है। साथ ही अकबरनगर-शाहकुंड मार्ग के न्यू बाईपास और असरगंज सीमा पर बैरियर एवं पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है।
भागलपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को दोगच्छी-अकबरनगर होते हुए असरगंज एवं मुंगेर भेजने की व्यवस्था की गई है। वहीं न्यू फोर लेन बाइपास के रास्ते सुल्तानगंज, असरगंज और मुंगेर की ओर भी वाहनों को डायवर्ट करने का निर्देश दिया गया है। अमरपुर से आने वाले भारी वाहनों को शाहकुंड बाजार होते हुए अकबरनगर बाइपास मार्ग से भेजा जाएगा।
आदेश के बावजूद जारी है भारी वाहनों का परिचालन
प्रशासनिक निर्देश जारी होने के बावजूद शाहकुंड-असरगंज मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बेरोकटोक जारी है। अब तक न तो पुलिस बल की तैनाती हुई है और न ही बैरियर लगाए गए हैं।
खबरें और भी
बीडीओ राजीव रंजन ने बताया कि इसकी सूचना पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार यह पुल वर्ष 1980 से पहले बना था।
विक्रमशिला पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रतिदिन मुंगेर, जमुई, तारापुर और खड़गपुर सहित कई क्षेत्रों के सैकड़ों भारी वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं।
यह भी पढ़ें- भागलपुर: देश में पहली बार टूटे पुल के ऊपर बन रहा बेली ब्रिज, मामूली चूक भी खड़ी कर सकती है चुनौती
यह भी पढ़ें- भागलपुर में कचरा फैलाने वाले संस्थानों का कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन, निगरानी के लिए स्पेशल सेल गठित