श्रावणी मेला 2026: अजगैवीनाथ धाम में आज से भारी वाहनों की नो-एंट्री, रेड जोन में केवल पैदल चलेंगे कांवड़िए
श्रावणी मेला आज से शुरू हो रहा है, जिसके चलते अजगैवीनाथ धाम के रेड जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। ...और पढ़ें

केवल पैदल चलेंगे कांवड़िए
HighLights
अजगैवीनाथ धाम रेड जोन में वाहन प्रतिबंधित, केवल पैदल आवागमन।
मुंगेर-भागलपुर से आने वाले बड़े वाहनों के रूट डायवर्ट किए गए।
श्रावणी मेला के लिए 145 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात, 15 अस्थायी थाने।
संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम। श्रावणी मेला आज से शुरू हो रहा है। इसे लेकर अजगैवीनाथ धाम से बाबाधाम तक कांवड़ियों की कतार लगने लगी है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गुरुवार से मेला क्षेत्र के रेड जोन में सभी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
मुंगेर और भागलपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों का रूट फोरलेन की ओर डायवर्ट किया गया है, जबकि बाजार और कांवड़िया पैदल मार्ग पर छोटे वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
कांवड़िया पैदल मार्ग पर किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं
यह जानकारी ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बुधवार को अजगैवीनाथ धाम थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि मुंगेर की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन बरियारपुर से न्यू फोरलेन होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। छोटी गाड़ियां केवल कृष्णगढ़ चौक तक आएंगी और वहां से रेलवे ओवरब्रिज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाइपास थाना रोड, थाना चौक होते हुए तिलकपुर की ओर जाएंगी।
कृष्णगढ़ चौक से बाजार और कांवड़िया पैदल मार्ग पर किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
बड़े वाहन भी न्यू फोरलेन से गुजरेंगे
भागलपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन भी न्यू फोरलेन से गुजरेंगे। शहर की ओर से आने वाले छोटे कांवड़िया वाहन प्रखंड कार्यालय से आगे नहीं जा सकेंगे। फोरलेन से आने वाले बड़े कांवरिया वाहनों के लिए बाबा चौक के पास फोरलेन के उत्तरी भाग में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि रेड जोन में केवल पैदल आवागमन होगा। कृष्णगढ़ चौक से तिलकपुर तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। शव वाहन को फोरलेन से मिर्जापुर मार्ग होते हुए श्मशान घाट जाने की अनुमति होगी, लेकिन उसे मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
खबरें और भी
पांच यातायात थाने, 145 ट्रैफिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
व्यापारिक वाहनों के लिए शुक्रवार, शनिवार और रविवार को प्रतिबंध रहेगा। अन्य चार दिनों में रात 11 बजे से दो बजे तक आवश्यक सामग्री ले जाने वाले वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान पांच यातायात थाने बनाए गए हैं और लगभग 145 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़ वाले दिनों में तीन शिफ्ट और सामान्य दिनों में दो शिफ्ट में ड्यूटी होगी।
विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि इस बार 15 अस्थायी थाने बनाए गए हैं। सेक्टरों का दायरा छोटा किया गया है, ताकि निगरानी और त्वरित कार्रवाई में सुविधा हो। प्रत्येक सहायक थाना में थानाध्यक्ष, सहायक थानाध्यक्ष, पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
कांवरियां की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकतानुसार ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है। - प्रमोद कुमार यादव, एसएसपी, भागलपुर
क्या होगा रूट
- मुंगेर की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन बरियारपुर से न्यू फोरलेन होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
- छोटी गाड़ियां केवल कृष्णगढ़ चौक तक आएंगी और वहां से रेलवे ओवरब्रिज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाइपास थाना रोड, थाना चौक होते हुए तिलकपुर की ओर जाएंगी।
- कृष्णगढ़ चौक से बाजार और कांवरिया पैदल मार्ग पर किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
- भागलपुर की ओर से आने वाले छोटे कांवरिया वाहन प्रखंड कार्यालय से आगे नहीं जा सकेंगे।
- फोरलेन से आने वाले बड़े कांवरिया वाहनों के लिए बाबा चौक के पास फोरलेन के उत्तरी भाग में पार्किंग की रहेगी व्यवस्था
यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा होगी डिजिटल: घर बैठे कर सकेंगे बाबा बैद्यनाथ के दर्शन, इस एप पर मिलेगी सभी सुविधाओं की जानकारी