TMBU के 10 नए डिग्री कॉलेजों में होगी पार्ट-टाइम शिक्षकों की भर्ती, काउंसलिंग के लिए बनी 4 कमेटी
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के 10 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा चयनित 100 से अधिक अंशकालिक शिक्षकों की ...और पढ़ें

TMBU के 10 नए डिग्री कॉलेजों में होगी पार्ट-टाइम शिक्षकों की भर्ती (AI Generated Image)
HighLights
100 से अधिक अंशकालिक शिक्षकों की जल्द तैनाती होगी।
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने किया शिक्षकों का चयन।
10 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था सुधरेगी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के अधीन संचालित भागलपुर और बांका के 10 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में जल्द ही बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित सौ से अधिक अंशकालिक शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
इन शिक्षकों का चयन आयोग के माध्यम से किया गया है। इन नियुक्तियों के बाद टीएमबीयू में शिक्षकों की तीन अलग-अलग श्रेणियां हो जाएंगी।
पहली श्रेणी नियमित शिक्षकों की होगी, दूसरी पहले से कार्यरत अतिथि शिक्षकों की और तीसरी आयोग से चयनित नए अंशकालिक शिक्षकों की। इससे विश्वविद्यालय में शिक्षण व्यवस्था का नया स्वरूप देखने को मिलेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि नए अंशकालिक शिक्षकों की नियुक्ति से सबसे अधिक राहत उन 10 डिग्री कॉलेजों को मिलेगी, जहां फिलहाल टीएमबीयू के विभिन्न स्नातकोत्तर विभागों और अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों को प्रतिनियुक्ति पर भेजकर पढ़ाई कराई जा रही है।
प्रतिनियुक्ति के कारण विश्वविद्यालय के कई विभागों में शिक्षकों की कमी हो गई थी, जिससे पठन-पाठन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
अब नए शिक्षकों के योगदान देने के बाद प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत शिक्षकों को उनके मूल विभागों में वापस बुलाने की संभावना काफी बढ़ गई है। इससे विश्वविद्यालय परिसर के विभागों और कॉलेजों में भी शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य होने की उम्मीद है।
टीएमबीयू ने बनाई चार काउंसलिंग कमेटियां
टीएमबीयू नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में संविदा के आधार पर चयनित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उनके मूल प्रमाणपत्रों एवं शैक्षणिक अभिलेखों के सत्यापन के लिए चार काउंसलिंग कमेटियों का गठन किया है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को अधिसूचना जारी की गई। विश्वविद्यालय की ओर से गठित समितियों में विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों को संयोजक एवं सदस्य बनाया गया है।
अधिसूचना के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, इतिहास एवं राजनीति विज्ञान विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग एवं मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन 7 अगस्त को सुबह 11:30 बजे से विश्वविद्यालय अतिथि गृह में होगा।
यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4 भर्ती में अरबी और फारसी शिक्षकों के पद शामिल करने की मांग, MLA ने शिक्षा मंत्री को लिखा लेटर
यह भी पढ़ें- BPSC TRE 4: बिहार में 32 हजार शिक्षकों की बंपर बहाली, प्लस-टू स्कूलों को मिलेंगे सबसे ज्यादा 16100 टीचर