आरा-बैरिया फोरलेन ने पकड़ी रफ्तार: 3.6 किमी हाईटेक गंगा पुल, 8 पुल और अंडरपास; 20 गांवों की जमीन होगी अधिगृहित
बिहार-यूपी को जोड़ने वाली आरा-बैरिया फोरलेन ग्रीन फील्ड हाइवे का निर्माण जल्द शुरू होगा, जिसके लिए 20 गांवों की 96 हेक्टेयर जमीन अधिगृहित की जाएगी। इस ...और पढ़ें

आरा-बलिया फोरलेन निर्माण ने पकड़ी रफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
20 गांवों की 96 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण शुरू।
महुली गंगा घाट पर बनेगा 3.6 किमी लंबा पुल।
आठ छोटे पुल और दो दर्जन अंडरपास भी बनेंगे।
जागरण संवाददाता, आरा। बिहार-यूपी को जोड़ने वाली आरा-बैरिया फोरलेन ग्रीन फील्ड हाइवे का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो इसके लिए सभी प्रकार की तैयारी तेजी से शुरू कर दी गई है।
इसके लिए जिले में 20 गांवों के 96 हेक्टेयर की जमीन अधिगृहित की जाएगी। इसके लिए अधियाची और जिला भू अर्जन कार्यालय ने जमीन की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
इसी माह के अंत में जमीन अधिग्रहण के लिए भू अर्जन कार्यालय निकालेगा गजट
इसमें जमीन का खेसरा और रकबा की जांच होने के बाद भौतिक सत्यापन जमीन पर जाकर किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इसी माह के अंत अथवा अगले माह तक अधिग्रहित की जाने वाली जमीन का गजट प्रकाशित करा दिया जाएगा।
इसके बाद किसानों से आवश्यक कागजात लेने, दावा-आपत्ति के निष्पादन तथा मुआवजा भुगतान की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। परियोजना के तहत आरा अंचल में करीब 51 हेक्टेयर तथा बड़हरा अंचल में लगभग 45 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
ग्रीनफील्ड हाइवे आरा प्रखंड के 14 तथा बड़हरा प्रखंड के छह गांवों से होकर गुजरेगा। फिलहाल भू-अर्जन कार्यालय द्वारा संबंधित गांवों के खेसरा, रकबा और राजस्व अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है।
इसके बाद राजस्व कर्मियों और अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचकर प्रत्येक भूखंड का भौतिक सत्यापन करेगी, ताकि अधिग्रहण प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि या विवाद की संभावना न रहे।
एक हाईटेक पुल के साथ आठ छोटे पुल और दो दर्जन बनेंगे अंडर पास
करीब 27.062 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित आरा-बैरिया ग्रीन फील्ड फोरलेन हाइवे बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा।
इस परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बिहार सीमा में महुली गंगा घाट के पास बनने वाला 3.6 किलोमीटर लंबा पुल होगा, जो इस क्षेत्र की सबसे बड़ी आधारभूत संरचनाओं में शामिल होगा।
इसके अलावा मार्ग पर आठ छोटे पुल, करीब दो दर्जन अंडरपास तथा अन्य आधुनिक सड़क संरचनाओं का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय यातायात प्रभावित नहीं होगा और ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इन 20 गांवों से होकर गुजरेगी आरा-बैरिया फोरलेन
आरा-बैरिया फोरलेन बाइपास परियोजना के तहत वर्तमान में आरा सदर और बड़हरा अंचल के कुल 20 मौजों की जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। जिसमें बड़हरा अंचल के नूरपुर नौवरार, नूरपुर, कुदरिया, जोकहरी, पकड़ी और गलचौर गांव से गुजरेगी।
इसके अलावा आरा सदर अंचल का सारसिवान, बसंतपुर, बेला, महुली, मथुरापुर, बहिरा चक, भेल डुमरा, पिरौटा, मखदुमपुर, जादोपुर, गरैया, शोभी डुमरा, हबिब अलीपुर सिंगही गांव शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- आरा फोरलेन परियोजना: बलिया से बिहार तक सुगम यात्रा, 1564 करोड़ होंगे खर्च, गडकरी करेंगे शिलान्यास