विदेश जाना अब हुआ महंगा: पासपोर्ट सेवा शुल्क में भारी बढ़ोतरी; आरा डाकघर में 25 जुलाई तक सभी स्लॉट फुल
केंद्र सरकार ने पासपोर्ट सेवा शुल्क में वृद्धि की है, जिससे अब आरा प्रधान डाकघर में सामान्य, नवीनीकरण और क्षतिग्रस्त पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। ...और पढ़ें
-1783582832287_m.webp)
HighLights
केंद्र सरकार ने पासपोर्ट शुल्क में की बढ़ोतरी, 1 जुलाई से लागू।
आरा में सामान्य पासपोर्ट अब 2500 रुपये का, PCC 750 रुपये।
प्रधान डाकघर में 25 जुलाई तक सभी पासपोर्ट स्लॉट फुल।
जागरण संवाददाता, आरा। विदेश यात्रा, नौकरी और उच्च शिक्षा के लिए पासपोर्ट बनवाने वालों को अब पहले से अधिक खर्च करना पड़ेगा। केंद्र सरकार द्वारा पासपोर्ट सेवा शुल्क में संशोधन के बाद आरा प्रधान डाकघर स्थित पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र में नए शुल्क लागू कर दिए गए हैं।
नए शुल्क लागू एक जुलाई होने से सामान्य पासपोर्ट से लेकर डैमेज और रिन्यूअल पासपोर्ट तक की फीस में बढ़ोतरी हुई है। आरा प्रधान डाकघर के पासपोर्ट सेवा केंद्र में प्रतिदिन करीब 50 आवेदकों का पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किया जाता है।
इनमें से पांच आवेदकों का पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट पीसीसी अथवा अंतरराष्ट्रीय यात्रा से संबंधित विशेष प्रक्रिया का कार्य भी किया जाता है। विदेश में नौकरी, पढ़ाई या अन्य उद्देश्यों से जाने वाले लोगों के लिए पीसीसी की मांग लगातार बढ़ रही है।
अब पीसीसी बनवाने के लिए 750 रुपये का अलग शुल्क देना होगा। नए शुल्क के अनुसार 36 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए पहले जहां 1,500 रुपये शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब इसके लिए 2,500 रुपये खर्च करने होंगे।
खबरें और भी
इसी प्रकार 36 पृष्ठ वाले पासपोर्ट के नवीनीकरण रिन्यूअल पर भी अब 2,500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं अधिक पृष्ठों वाले 60 पृष्ठ के पासपोर्ट के लिए आवेदकों को 3,500 रुपये का भुगतान करना होगा। यदि किसी व्यक्ति का पासपोर्ट क्षतिग्रस्त डैमेज या खो जाता है और उसे नया पासपोर्ट बनवाना है, तो उसके लिए भी शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है।
पहले डैमेज 36 पृष्ठ वाले पासपोर्ट के लिए 3,000 रुपये शुल्क लिया जाता था, लेकिन अब इसके लिए 5,000 रुपये देने होंगे। इस बढ़ी हुई फीस से आवेदकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। पासपोर्ट सेवा केंद्र में आवेदन करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
स्थिति यह है कि 25 जुलाई तक सभी ऑनलाइन स्लॉट पहले ही बुक हो चुके हैं। अब नए आवेदकों को आवेदन की तिथि 25 जुलाई के बाद ही मिल सकेगी। गर्मी की छुट्टियों, विदेश में रोजगार और उच्च शिक्षा के लिए बढ़ती मांग के कारण स्लॉट तेजी से भर रहे हैं।
जिन लोगों को जल्द पासपोर्ट बनवाना है, वे समय-समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध स्लॉट की जानकारी देखते रहें और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें। साथ ही आवेदन करते समय नए शुल्क के अनुसार भुगतान करना अनिवार्य होगा।
शुल्क में बढ़ोतरी और स्लॉट की लंबी प्रतीक्षा के कारण अब पासपोर्ट बनवाने की योजना बनाने वालों को पहले से अधिक तैयारी और अतिरिक्त खर्च दोनों का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- VB-G RAM G: मुजफ्फरपुर में ₹20000 करोड़ आवंटित, 40 लाख रुपये बकाया भुगतान जल्द, फिर नई योजनाएं होंगी शुरू
यह भी पढ़ें- भागलपुर बनेगा पूर्वी भारत का इंडस्ट्रियल हब: भागलपुरी सिल्क-मक्का-लीची और शहद को मिलेगी वैश्विक पहचान