भोजपुर के सहार में दिनदहाड़े मर्डर, जमीन विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या
भोजपुर के सहार थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर एक युवक विक्रांत कुमार सिंह की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू क ...और पढ़ें

हत्या के बाद स्वजनों में मचा कोहराम। जागरण
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के बड़की खड़ाव गांव में बुधवार की सुबह भूमि विवाद में एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बड़की खड़ाव गांव निवासी बीरेन्द्र कुमार सिंह के 34 वर्षीय पुत्र विक्रांत कुमार सिंह के रूप में हुई है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि घर के बगल स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार की सुबह इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
सिर से लेकर सीने तक घोंपा चाकू
आरोप है कि दूसरे पक्ष के व्यक्ति ने विक्रांत कुमार सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने उनके सिर और दाहिनी ओर सीने के पास चाकू मारा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्वजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के सिर और शरीर पर चाकू के गहरे जख्म पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही सहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से गांव के लोग भी हैरान हैं। जमीन के लिए इस तरह की घटना पर लोग चिंता जता रहे हैं।