भरत तिवारी एनकाउंटर: UP के दीपक दीक्षित पर भोजपुर पुलिस करेगी FIR, क्या है मामला?
भोजपुर पुलिस भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में सोशल मीडिया पर पुलिस को धमकी देने और भड़काऊ पोस्ट करने वाले दीपक दीक्षित उर्फ पंडित के खिलाफ आरा साइबर थाने ...और पढ़ें

भरत तिवारी (बांए) मामले में दीपक दीक्षित पर पुलिस को धमकी का आरोप।
HighLights
दीपक दीक्षित पर पुलिस को सोशल मीडिया पर धमकी देने का आरोप।
यह मामला भोजपुर के भरत तिवारी एनकाउंटर से संबंधित है।
पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर होगी सख्त कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण में सोशल मीडिया पर पुलिस को कथित रूप से गोली मारने की धमकी देने और भड़काऊ सामग्री मामले में दीपक दीक्षित उर्फ पंडित पर FIR होगी।
भोजपुर पुलिस का कहना है कि इस संबंध में आरा साइबर थाना में मामला दर्ज कराया जा रहा है। भोजपुर के एसपी राज ने यह जानकारी साझा की है।
उन्होंने बताया कि दीपक दीक्षित उर्फ पंडित द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आपत्तिजनक, भड़काऊ एवं धमकीपूर्ण भाषा का प्रयोग किया गया है।
पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी
इससे न केवल पुलिस को खुली चुनौती दी गई है, बल्कि जनमानस को भड़काने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का भी प्रयास किया गया है।
एसपी ने बताया कि मामले में उपलब्ध डिजिटल एवं तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। सभी साक्ष्यों के आधार पर दीपक दीक्षित को आरोपित बनाते हुए आरा साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर हिंसा के लिए उकसाने अथवा पुलिस अधिकारियों को धमकी देने वालों के खिलाफ विधिसम्मत एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में भरत तिवारी एनकाउंटर की घटना हुई थी।
इसके बाद से सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई तरह की भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। इन्हीं पोस्टों के क्रम में दीपक दीक्षित उर्फ पंडित ने भी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध धमकीपूर्ण टिप्पणियां की गईं।
कौन है दीपक दीक्षित
पुलिस के अनुसार, दीपक दीक्षित उर्फ पंडित उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के डेहली, शिवगढ़ का निवासी है। भोजपुर पुलिस का दावा है कि उसका पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित कोतवाली थाना एवं महिला थाना में उसके विरुद्ध दुष्कर्म, छेड़खानी तथा वीडियो एवं फोटो वायरल कर परिजनों को धमकी देने जैसे आरोपों में मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
एसपी राज ने कहा कि पुलिस किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने या इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हिंसा एवं वैमनस्य फैलाने की अनुमति नहीं देगी।
यह भी पढ़ें- भोजपुर के भरत तिवारी की श्रद्धांजलि सभा 30 को; 100 हलवाई तैयार कर रहे भोजन, 15 हजार लोगों के जुटने की संभावना
यह भी पढ़ें- भोजपुर में भरत तिवारी स्मारक की तैयारी पर लगा ब्रेक; NOC नहीं होने पर प्रशासन की आपत्ति