Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना-आरा रूट वाले सावधान! कोइलवर पुल पर 90 दिनों तक रहेगा ब्लॉक, रोज 3 घंटे थमेगा सड़क यातायात

    Updated: Thu, 21 May 2026 04:43 AM (IST)

    दानापुर रेल मंडल के कोइलवर पुल पर स्लीपर बीम बदलने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण पटना-आरा रूट पर 90 दिनों तक ब्लॉक रहेगा। रोजाना डेढ़ घंटे रेल और तीन ...और पढ़ें

    रेललाइन में स्लीपर बीम बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है। फोटो जागरण

     रेललाइन में स्लीपर बीम बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है। फोटो जागरण

    HighLights

    1. कोइलवर पुल पर स्लीपर बीम बदलने का कार्य जारी।

    2. रोजाना डेढ़ घंटे रेल, तीन घंटे सड़क यातायात बाधित।

    3. सुरक्षा व्यवस्था में कमी से वाहनों की आवाजाही में दिक्कत।

    संवाद सूत्र, कोईलवर (आरा)। दानापुर रेल मंडल के अब्दुलबारी रेल सह सड़क पुल पर अप रेललाइन में स्लीपर बीम बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस कार्य के कारण अप रेल मार्ग पर प्रतिदिन करीब डेढ़ घंटे का ब्लाक लिया जा रहा है, जबकि सड़क मार्ग पर सुबह नौ बजे से दोपहर बारह बजे तक तीन घंटे के लिए यातायात रोका जा रहा है।

    रेलवे कर्मी सुशांत सिंह ने बताया कि कोईलवर पुल के अप रेललाइन पर स्लीपर बीम बदलने का कार्य जारी है। कार्य के दौरान पुल के दक्षिणी सड़क मार्ग पर भी तीन घंटे का ब्लाक लगाया गया है, जिससे इस अवधि में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखी जा रही है।

    इसका उद्देश्य नट बोल्ट या अन्य सामान सड़क मार्ग पर गिरने से रोकना है, ताकि कोई चोटिल न हो। रेलवे प्रशासन ने कोईलवर थाना, बिहटा थाना एवं आरपीएफ को पूर्व में सूचना दे दी है।

    सुरक्षाबल तैनात, वैकल्पिक मार्क से हो रही आवाजाही 

    कोईलवर थाना की ओर से पुल के पश्चिमी मुहाने पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, लेकिन पूर्वी मुहाने पर, जो बिहटा थाना क्षेत्र में पड़ता है, वहां पुलिस बल की अनुपस्थिति देखी गई। इस कारण बिहटा के परेव क्षेत्र से आने वाले बाइक, ऑटो एवं छोटे वाहन पुल पर प्रवेश कर कोईलवर की ओर पश्चिमी मुहाने तक पहुंच रहे हैं।

    वहां यातायात खुलवाने को लेकर लोगों द्वारा हंगामा और दबाव बनाए जाने की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुल पर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ जवान भी मौके पर नदारद दिखे।

    रेलकर्मी के अनुसार, पुल पर करीब 2560 स्लीपर बीम बदले जाने हैं, जिनमें बुधवार तक 220 बीम बदले जा चुके हैं। यह कार्य लगभग 90 दिनों तक चलेगा।

    फिलहाल 16 जून तक रेल मार्ग पर डेढ़ घंटे तथा सड़क मार्ग पर तीन घंटे का ब्लॉक निर्धारित किया गया है। इसके बाद कार्य को आगे बढ़ाने के लिए दो महीने का अतिरिक्त एक्सटेंशन लिया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- दरभंगा से जल्द शुरू होंगी इंटरनेशनल उड़ानें, नागरिक उड्डयन मंत्री ने दिया आश्वासन

    यह भी पढ़ें- लखीसराय के 2 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, शॉपिंग मॉल समेत कई आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस

    खबरें और भी