लखीसराय के 2 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प, शॉपिंग मॉल समेत कई आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस
पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार की पहल पर लखीसराय के अभयपुर और मसूदन रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इन स्टेशनों पर शॉपिंग मॉल, स्वचालित ...और पढ़ें

अभयपुर रेलवे स्टेशन। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सूर्यगढ़ा (लखीसराय)। पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा से बुधवार को जमालपुर में पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने शिष्टाचार मुलाकात कर अभयपुर एवं मसूदन रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। इस पर रेल प्रशासन की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा ने कहा कि रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोनों स्टेशनों का जल्द ही आधुनिकीकरण किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं और दोनों स्टेशनों की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया।चर्चा में अभयपुर और मसूदन रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप देने तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस
प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक उदय शंकर झा ने कहा कि स्टेशन परिसर को आधुनिक लुक देने के लिए शॉपिंग माल विकसित किए जाएंगे। साथ ही स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया को बड़ा और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे वाहनों के आवागमन में सहूलियत होगी।
उन्होंने बताया कि टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से निजात दिलाने के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक सुरक्षित आवागमन हेतु फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा।
खबरें और भी
इसके अलावा धूप और बारिश से बचाव के लिए बड़े यात्री शेड, स्वच्छ शौचालय तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने कहा कि अभयपुर और मसूदन स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इनके विकास से न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र के लोगों ने रेल प्रशासन के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अभयपुर और मसूदन स्टेशन आधुनिक माडल स्टेशन के रूप में अपनी नई पहचान बनाएंगे।