विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के आरा में महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतरीं, बाल-बाल बची यात्रियों की जान

Published: Sun, 06 Sep 2026 05:39 AM (IST)Updated: Sun, 06 Sep 2026 07:15 AM (IST)

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार सुबह महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं, जिससे दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

HighLights

  1. आरा जंक्शन पर महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतरीं।

  2. दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ।

  3. रेलवे प्रशासन मौके पर राहत और तकनीकी कार्य में जुटा।

जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर रविवार की अहले सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। न्यू जलपाईगुड़ी-कटिहार के रास्ते आरा जंक्शन होकर नई दिल्ली जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं।

घटना सुबह करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटरी से उतरने वाली दोनों बोगियां इंजन से सटे जनरल कोच की बताई जा रही हैं।

पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुए हैं। सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि ट्रेन 7:23 बजे  अपने गन्तव्य की ओर रवाना कर दी गई है।

Train Accident 3

आरा जंक्शन पर पटरी से उतरे महानंदा एक्सप्रेस के पहिए। फोटो- जागरण

इधर, हादसे की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई। रेलवे के अधिकारी और तकनीकी कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लेने में जुट गए हैं। हादसे के बाद दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो गया है। 

हादसे की जांच शुरू 

रेलवे महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग और डीआरएम विनोद कुमार के निर्देश पर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। बोगी के पहियों के पटरी से उतरने वाले स्थान पर जांच की जा रही है। रखरखाव से लेकर तकनीकी पहलुओं तक सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Train Accident 4

आरा जंक्शन पर पटरी से उतरे महानंदा एक्सप्रेस के पहिए।

यह हादसा आरा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गुमटी के पास अप लाइन में हुआ है। घटनास्थल 593 किलोमीटर 9 ए बताया जा रहा है। दानापुर कंट्रोल से तकनीकी टीम आरा  के लिए रवाना हो गई है।

Train Accident 1

आरा रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर खड़ी महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन।

रेलवे की ओर से पटरी से उतरी बोगियों को हटाने और रेल परिचालन सामान्य कराने के लिए राहत एवं तकनीकी कार्य शुरू कर दिया गया है। संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर ट्रैक और दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन की जांच में जुटी हैं।

Train Accident 2

आरा रेलवे स्टेशन पर हादसे के बाद तैनात रेलवे अधिकारी और रेल पुलिस।

हालांकि, महानंदा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। रेलवे अधिकारियों की ओर से तकनीकी जांच की जा रही है।

ट्रैक को दुरुस्त करने और दुर्घटनाग्रस्त बोगियों को हटाने के बाद ही रेल परिचालन पूरी तरह सामान्य होने की संभावना है। प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को लेकर रेलवे की ओर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

घटना की जांच शुरू

दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार आरा रेलवे स्टेशन पहुंच गए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी है। उनके साथ दानापुर रेल मंडल के वरीय रेल इंजीनियरिंग अधिकारी भी पहुंचे हैं। पटरी से उतरी दोनों बोगियों के पहिया को जैक की मदद से पटरी पर चढ़ाने का काम किया जा रहा है।

घटना में कोई जान माल की हानि नहीं हुई है, जैक से चक्की को पटरी पर चढ़ाया जा रहा है, एक घंटे में अपलाइन पर परिचालक शुरू हो जाएगा। - सरस्वती चंद्र मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी, पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर

यह भी पढ़ें- न्यू फरक्का-तिलडांगा रेललाइन पर रेल सेवा बहाल, तटबंध धंसने के बाद युद्धस्तर पर हुआ काम

यह भी पढ़ें- पुनपुन नदी के उफान से पटना-गया रेलखंड पर संकट, 10 मेमू ट्रेनें रद; डाउन लाइन बंद