Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेउरा-जट डुमरी रेल लाइन पर काम तेज, शेखपुरा-राजगीर-गया के बीच होगी सीधी कनेक्टिविटी

    Updated: Thu, 30 Apr 2026 02:12 PM (IST)

    दानापुर रेल मंडल के नेउरा-जट डुमरी रेलखंड का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके तहत कई नए स्टेशन और हाल्ट तैयार हो गए हैं। ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. नेउरा-जट डुमरी रेलखंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी।

    2. गोनपुरा, बागीपुर समेत कई नए स्टेशन-हाल्ट तैयार।

    3. जल्द मालगाड़ी व यात्री ट्रेनों का ट्रायल शुरू होगा।

    जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत नेउरा–जट डुमरी रेलखंड के निर्माण कार्य में तेजी आ गई है और इसके लिए हाल ही में नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के तहत ब्लॉक लिया गया था।

    इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा, हालांकि चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों का संचालन सामान्य भी किया गया। रेलवे के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को लेकर अब अंतिम तैयारियां चल रही हैं, जिससे आने वाले समय में यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

    इस रेलखंड पर नेउरा स्टेशन से आगे गोंनपुरा स्टेशन बनाया जा रहा है। इसके साथ ही बागीपुर हाल्ट का निर्माण किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

    छोटे-छोटे स्टॉपेज भी तैयार

    आगे बढ़ते हुए जट डुमरी स्टेशन को विकसित किया गया है, जो इस सेक्शन का प्रमुख स्टेशन होगा। इसके अलावा नावाची हाल्ट, बीजू बीघा हाल्ट, फजलचक हाल्ट और गौसपुर हाल्ट जैसे छोटे-छोटे स्टॉपेज भी तैयार किए गए हैं, जो मुख्य रूप से लोकल पैसेंजर ट्रेनों के लिए बनाए गए हैं।

    कई स्टेशनों पर सीधी कनेक्टिविटी

    गौसपुर के बाद सरथुआ स्टेशन का निर्माण किया गया है, जो इस रूट का एक और अहम पड़ाव होगा। इस पूरी लाइन के चालू हो जाने के बाद यात्रियों को बिहारशरीफ, शेखपुरा, राजगीर और क्यूल, गया जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों तक सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इससे न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।

    रेल सूत्रों के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण के विभिन्न चरणों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाएगा।

    बताया जा रहा है कि लगभग 15 दिनों के अंतराल पर निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नेउरा से जट डुमरी तक इस रेलखंड की कुल लंबाई करीब 19 किलोमीटर है।

    मालगाड़ी का होगा संचालन

    रेलवे सूत्रों के मुताबिक, अगले 10 दिनों के भीतर कोलकाता से सीआरएस की टीम निरीक्षण के लिए पहुंच सकती है। निरीक्षण के बाद इस रेलखंड पर सबसे पहले मालगाड़ियों का संचालन किया जाएगा, जो दो से तीन बार ट्रायल रन के रूप में गुजरेंगी।

    खबरें और भी

    इसके बाद पैसेंजर ट्रेनों का भी ट्रायल रन शुरू किया जाएगा, ताकि संचालन की सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच हो सके।

    बक्सर से नेउरा-जट डुमरी तक चलेगी ट्रेन

    रेल सूत्रों का कहना है कि इस रूट पर भविष्य में बक्सर से आरा जंक्शन होते हुए नेउरा–जट डुमरी तक ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा शेखपुरा और दनियावां के रास्ते दूसरी रेल लाइन का भी कार्य प्रगति पर है, जो आगे चलकर कोडरमा होते हुए धनबाद तक जोड़ी जाएगी।

    यह परियोजना पूरी होने के बाद आरा जंक्शन से धनबाद तक सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे होते हैं, तो अगले छह महीनों के भीतर इस पूरी लाइन पर ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू हो सकता है।

    इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।

    यह भी पढ़ें- दानापुर-बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन को मिला एक्सटेंशन, आरा और बक्सर के यात्रियों को मिलेगी राहत