Buxar Weather Update: बक्सर में खत्म होगा बारिश का इंतजार, अगले 3 दिन झमाझम बरसेंगे बादल
मानसून की सुस्त चाल से जूझ रहे बक्सर के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने 7, 8 और 9 जुलाई को जिले में वर्षा की संभावना जताई है, जिससे धान ...और पढ़ें

बक्सर में खत्म होगा बारिश का इंतजार, अगले 3 दिन झमाझम बरसेंगे बादल (AI Generated Image)
HighLights
बक्सर में 7, 8 और 9 जुलाई को वर्षा की संभावना।
मानसून की कमी से जूझ रहे किसानों को मिलेगी राहत।
धान और खरीफ फसलों की बुआई को मिलेगी गति।
जागरण संवाददाता, बक्सर। मानसून की सुस्त चाल से जूझ रहे जिले के किसानों के लिए अब राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र, पटना के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सात, आठ और नौ जुलाई तक जिले के कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।
यदि पूर्वानुमान के अनुरूप वर्षा होती है, तो धान की रोपनी सहित खरीफ फसलों को नया जीवन मिलेगा और खेतों में नमी की कमी काफी हद तक दूर हो सकेगी।
जिला कृषि कार्यालय की वर्षापात रिपोर्ट के अनुसार, छह जुलाई तक जिले में 209.7 मिमी. वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 277.2 मिमी. होनी चाहिए थी। यानी जिले में अब तक 64.47 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है।
सबसे अधिक वर्षा केसठ (55.0 मिमी.), नवानगर (38.8 मिमी.) और चौगाईं (31.0 मिमी.) प्रखंड में दर्ज की गई, जबकि चौसा में (1.2 मिमी.) एवं डुमरांव में अभी तक वर्षा नहीं हुई है। सोमवार को भी बादल काफी गहराते दिखे।

मौसम विभाग के तीन दिवसीय पूर्वानुमान में जिला को हल्के से मध्यम स्तर की व्यापक वर्षा वाले क्षेत्र में रखा गया है। इससे खेतों की नमी बढ़ने, धान रोपनी में तेजी आने तथा अन्य खरीफ फसलों की बुआई को भी गति मिलने की उम्मीद है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख विज्ञानी डॉ. देवकरण का कहना है कि किसान मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखें। अच्छी वर्षा होने पर खेतों की तैयारी और धान रोपनी का कार्य तेज करें तथा जल निकासी की भी उचित व्यवस्था बनाए रखें, ताकि अत्यधिक वर्षा की स्थिति में फसलों को नुकसान न हो।