CJP के संसद मार्च के दौरान सादी वर्दी में लाठी चार्ज, बक्सर सांसद ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से की एक्शन की मांग
बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। ...और पढ़ें
-1784714993924_m.webp)
सादी वर्दी में पुलिस वाले और सांसद सुधाकर सिंह। फाइल फोटो
HighLights
सांसद सुधाकर सिंह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा।
जंतर-मंतर पर छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की जांच की मांग।
सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर गंभीर चिंता जताई।
जागरण संवाददाता, बक्सर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के मामले में सांसद सुधाकर सिंह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पत्र में कहा कि 20 और 21 जुलाई को हुए छात्र-युवा प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे पुलिसकर्मी तैनात थे, जिन्होंने सरकारी नियमों के विपरीत नाम-पट्टिका नहीं पहन रखी थी।
इसके अलावा, सादे कपड़ों में हथियारबंद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई। सांसद ने कहा कि संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट होना आवश्यक है, ताकि किसी भी अनैतिक कार्रवाई या अप्रिय घटना की स्थिति में जवाबदेही तय की जा सके।
उन्होंने आशंका जताई कि सादे कपड़ों में हथियारबंद कर्मियों की तैनाती का फायदा असामाजिक तत्व भी उठा सकते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
पत्र में उन्होंने पुलिस प्रशासन से आंदोलनरत छात्रों और युवाओं के साथ बल प्रयोग से बचने, कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी कर्मियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
सांसद ने कहा कि इससे पुलिस की विश्वसनीयता बनी रहेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले दो दिनों के घटनाक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।