26 करोड़ का बक्सर ROB बना 'बर्थडे वेन्यू'! बंद पुल पर सजा स्टेज, वायरल हुआ VIDEO
बक्सर के इटाढ़ी रोड ओवरब्रिज पर मरम्मत के लिए बंद होने के बाद एक जन्मदिन पार्टी का वीडियो वायरल हुआ है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से हजारों लोगों को आवा ...और पढ़ें
HighLights
बंद बक्सर आरओबी पर जन्मदिन पार्टी का वीडियो वायरल।
क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत में दो महीने से अधिक लगेंगे।
पुल बंद होने से हजारों लोगों को आवागमन में असुविधा।
जागरण संवाददाता, बक्सर। वाहनों के आवागमन के लिए खोले जाने के चंद घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त होने वाले नवनिर्मित इटाढ़ी रोड स्थित रोड ओवरब्रिज (ROB) को बीते पांच जून को मरम्मत के लिए बंद कर दिया गया था।
इस आरओबी पर आवागमन पूरी तरह रोक है और मरम्मत का कार्य चल रहा है। इस बीच इसी आरओबी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह वीडियो एक जन्मदिन पार्टी सह नाच-गाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम का है। वीडियो में दावा किया गया है कि यह कार्यक्रम इसी आरओबी के बंद किए जा चुके हिस्से पर हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस वीडियो पर लोग खूब चुटकी ले रहे हैं। इस वीडियो में किए गए दावों की सत्यता की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
वीडियो में दिख रहा है कि आम लोगों और गाड़ियों के लिए बंद किए जा चुके ओवरब्रिज पर भव्य टेंट, लाइटिंग और बकायदा मंच (स्टेज) सजाकर जन्मोत्सव समारोह मनाया गया।
उसमें 'सांस्कृतिक कार्यक्रम' के नाम पर जमकर नाच-गाना हुआ। नीतीश कुमार नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को साझा किया है।
उन्होंने तंज भरे लहजे में लिखा है 'बक्सर इटाढ़ी रोड ओवर ब्रिज का सही इस्तेमाल हो रहा है' और इसके कैप्शन में पूरे घटनाक्रम पर चुटकी लेते हुए लिखा— 'मिशन सक्सेसफुल'।
पुल निर्माण में भ्रष्टाचार की कीमत चुका रहे स्थानीय जन
गौरतलब है कि इस पूरे घटनाक्रम और सरकारी लापरवाही की भारी कीमत क्षेत्र की जनता को चुकानी पड़ रही है। इस रोड ओवर ब्रिज पर आवागमन शुरू होते ही रेलवे ने समीप स्थित पुराने समपार फाटक (गुमटी संख्या-70) को बीते 30 मई को स्थायी रूप से बंद कर दिया था।
अब स्थिति यह है कि रेलवे उस बंद फाटक को दोबारा खोलने के लिए तैयार नहीं है और दूसरी तरफ ओवरब्रिज के भी महीनों तक चालू होने की संभावना नहीं दिख रही है।
इस दोहरे संकट के कारण सिकरौल, इटाढ़ी, दिनारा, नावानगर और धनसोईं आदि क्षेत्रों से आने-जाने वाले हजारों लोगों को प्रतिदिन कई किलोमीटर की लंबी दूरी तय करते हुए बेहद असुविधाजनक आवागमन करना पड़ रहा है।
लगभग 26.40 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह महत्वाकांक्षी योजना फिलहाल स्थानीय निवासियों के लिए एक बड़ी मुसीबत और इंटरनेट मीडिया पर एक बड़ा मजाक बनकर रह गई है।
लोग अलग-अलग एक्सपैंशन ज्वाइंट के पास मरम्मत के लिए तोड़े गए हिस्सों की तस्वीरें साझा कर पूछ रहे हैं कि क्या यह पुल कभी यातायात के लिए खुलेगा?
बताया था मामूली नुकसान, 15 दिन में चालू करने का था दावा
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के इंजीनियरों की मानें तो इटाढ़ी रोड ओवरब्रिज अगले दो महीने से पहले चालू होने की कोई उम्मीद नहीं है।
शुरुआती दौर में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सिर्फ पिलर नंबर 5 के पास एक्सपैंशन ज्वाइंट में मामूली नुकसान का दावा किया गया था, और तत्कालीन इंजीनियर ने कहा था कि मरम्मत के बाद 15 दिन में यातायात शुरू हो जाएगा।
लेकिन जांच के बाद इंजीनियरों को लगा कि पुल के निर्माण में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है और समस्या अधिक गंभीर है।
वर्तमान में पुल के कम से कम तीन पिलरों पर मरम्मत का कार्य चल रहा है, जहाँ एक्सपेंशन ज्वाइंट्स को पूरी तरह से तोड़ा जा रहा है और वहां फिर से नए सिरे से आरसीसी ढलाई करने की योजना है। स्थानीय लोगों में पुल के भविष्य को लेकर चिंता है।