बक्सर में रात के अंधेरे में गायब हो गई 7 महीने पहले बनी सड़क के कुछ हिस्से, नगर परिषद ऑफिस से फाइल भी लापता
डुमरांव (बक्सर) में सात महीने पहले बनी 60 लाख रुपये की पीसीसी सड़क में दरारें पड़ने और उखड़ने से गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं। तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क क ...और पढ़ें

सड़क का कुछ हिस्सा गायब। (जागरण)
HighLights
सात माह में 60 लाख की पीसीसी सड़क टूटी।
रात में सड़क का हिस्सा ध्वस्त, फाइल भी गायब।
निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल, जांच लंबित।
संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। नगर परिषद क्षेत्र के विस्तारित वार्ड संख्या-12 में सात माह पहले बनी करीब 60 लाख रुपये की पीसीसी सड़क में दरारें पड़ने और उखड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में पुराने भोजपुर मिशन स्कूल (एनएच-120) के पश्चिम से भोजपुर पोखर तक करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण विभागीय नियमों का उल्लंघन कर कराया गया था।
मामले की जांच चल रही है, लेकिन जांच को प्रभावित करने के आरोप भी लगे हैं। हाई टेंशन बिजली टावर के नीचे बने सड़क हिस्से को रात के अंधेरे में ध्वस्त कर दिया गया, जिससे साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है।
योजना से संबंधित संचिका नगर परिषद कार्यालय से गायब है और आरोप है कि तत्कालीन जेई अंजनी कुमार नए सिरे से स्टीमेट व प्राक्कलन तैयार कर रहे हैं।
जांच के आदेश के बाद भी रिपोर्ट लंबित
कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे द्वारा जांच के निर्देश दिए जाने के बावजूद जेई इलिका कुमारी का प्रतिवेदन अब तक लंबित है।
कार्य एजेंसी से जुड़े जेई अंजनी कुमार ने दावा किया कि सड़क का निर्माण ठेकेदार अशोक कुमार व तत्कालीन ईओ मनीष कुमार द्वारा गरीब ठेकेदार को मेठ बनाकर कराया गया था और गड़बड़ी मेठ की है। उन्होंने टूटे हिस्से की मरम्मत का निर्देश देने की बात कही, पर संचिका गायब होने पर चुप्पी साध ली।
लोक शिकायत विभाग ने अनियमितता की शिकायत पर 22 अप्रैल को सुनवाई निर्धारित की है। स्थानीय लोगों में मामले को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें- बिहार में ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर शिक्षकों की फर्जी अटेंडेंस, शिक्षा विभाग ने दी सैलरी रोकने की चेतावनी