26.4 करोड़ के इटाढ़ी ROB का मामला विधानसभा में गूंजा; विधायक बोले- जांच कराएं और रेलवे गुमटी तत्काल खोलें
बक्सर के इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज के धंसने का मामला बिहार विधानसभा में उठा, जहां सदर विधायक आनंद मिश्र ने उच्चस्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों-एजेंसी पर का ...और पढ़ें

इटाढ़ी ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के मामले में कार्रवाई की मांग। फाइल
HighLights
इटाढ़ी ओवरब्रिज धंसने का मुद्दा विधानसभा में गूंजा।
विधायक आनंद मिश्र ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
दोषी निर्माण एजेंसी, अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, बक्सर। इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के धंसने का मामला मंगलवार को बिहार विधानसभा में जोरदार तरीके से उठाया गया।
सदर विधायक आनंद मिश्र ने सरकार से इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।
विधानसभा में ध्यानाकर्षण के दौरान विधायक ने कहा कि करीब 26.4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा धंस जाने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद रेलवे फाटक भी बंद है, जिससे इटाढ़ी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों का दैनिक आवागमन प्रभावित हो गया है।
स्कूली बच्चों से लेकर किसानों तक सभी प्रभावित
आनंद मिश्र ने सदन में कहा कि पुल बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को रोजाना लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।
इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो आम जनता की परेशानियां और बढ़ेंगी।
संवेदक और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
विधायक ने सरकार से मांग की कि ओवरब्रिज निर्माण में हुई तकनीकी खामियों और लापरवाही की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि निर्माण एजेंसी या किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर उनकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
रेलवे फाटक खोलने की भी उठाई मांग
आनंद मिश्र ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि जब तक ओवरब्रिज पूरी तरह सुरक्षित होकर यातायात के लिए तैयार नहीं हो जाता, तब तक रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर इटाढ़ी रेलवे फाटक को वैकल्पिक मार्ग के रूप में फिर से खोला जाए।
उनका कहना था कि इससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन की समस्या काफी हद तक कम हो सकेगी।
उन्होंने सरकार से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लेने और प्रभावित लोगों को स्थायी समाधान उपलब्ध कराने की मांग की।
यह भी पढ़ें- ROB बंद होने के बाद भी नहीं खुली रेलवे गुमटी; बक्सर में अब 18 को रेल रोकने का एलान
यह भी पढ़ें- 26 करोड़ की लागत वाला ROB 15 दिन भी नहीं टिक पाया; जांच के घेरे में निर्माण गुणवत्ता, फिर खुलेगा समपार फाटक!