बक्सर-भोजपुर के लिए गेमचेंजर बन सकती है रघुनाथपुर रेल कनेक्टिविटी; जनप्रतिनिधियों की मुहिम तेज
बलिया-आरा रेल लाइन को रघुनाथपुर से जोड़ने की मांग अब जन आंदोलन का रूप ले रही है, जिसमें जनप्रतिनिधि भी सक्रिय हैं। पूर्व विधायक संजय तिवारी ने रेल मंत ...और पढ़ें

रघुनाथपुर को रेल लाइन से जोड़ने की मांग तेज।
HighLights
बलिया-आरा रेल लाइन को रघुनाथपुर से जोड़ने की मांग।
पूर्व विधायक संजय तिवारी ने रेल मंत्री को लिखा पत्र।
बक्सर-भोजपुर के आर्थिक, सामाजिक विकास में सहायक।
संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर (बक्सर)। बलिया-आरा के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन को रघुनाथपुर से जोड़ने की मांग अब जन आंदोलन का रूप लेती जा रही है।
सांसद, विधायकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के बाद अब बक्सर के पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर इस परियोजना में रघुनाथपुर को शामिल करने की मांग की है।
लगातार बढ़ रहे जन समर्थन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से क्षेत्रवासियों में वर्षों पुरानी इस मांग के पूरा होने की उम्मीद मजबूत हुई है।
भोजपुर और बक्सर के विकास के लिए अहम
पूर्व विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि प्रस्तावित रेल परियोजना केवल एक नई रेल लाइन का निर्माण नहीं है, बल्कि बक्सर और भोजपुर जिले के ग्रामीण एवं दियारा क्षेत्रों के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
यदि बलिया-आरा रेल मार्ग को रघुनाथपुर के रास्ते जोड़ा जाता है तो इससे हजारों लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने रेल मंत्री का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि रघुनाथपुर धार्मिक, ऐतिहासिक और व्यावसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
व्यवहारिक रूप से होगा जनहित में
यह स्टेशन बक्सर और भोजपुर जिले की सीमा पर स्थित होने के कारण दोनों जिलों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क केंद्र के रूप में कार्य करता है। ऐसे में इस क्षेत्र को प्रस्तावित रेल परियोजना से जोड़ना व्यावहारिक और जनहित में होगा।
संजय तिवारी ने कहा कि बलिया-रघुनाथपुर रेल संपर्क स्थापित होने से न केवल परियोजना की दूरी और लागत में कमी आ सकती है, बल्कि लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे दियारा क्षेत्र के गांवों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
इससे कृषि उत्पादों के विपणन, छोटे व्यापारियों की पहुंच और स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले बक्सर के सांसद, डुमरांव विधायक तथा ब्रह्मपुर विधायक शंभू नाथ सिंह यादव भी रेल मंत्री को पत्र लिखकर रघुनाथपुर को प्रस्तावित रेल लाइन से जोड़ने की मांग कर चुके हैं।
रेल मंत्री को सौंपे गए कई पत्र
लगातार बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और जन समर्थन के कारण यह मुद्दा अब क्षेत्र के प्रमुख विकासात्मक एजेंडों में शामिल हो गया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो बक्सर और भोजपुर के लाखों लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
साथ ही क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने से निवेश, व्यापार और पर्यटन की संभावनाओं को भी नई गति मिलेगी। अब सभी की निगाहें रेल मंत्रालय के फैसले पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- पटना-गया पर कम होगी निर्भरता; बिहारशरीफ-जहानाबाद रेललाइन का रास्ता साफ