Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दरभंगा में गांव वालों ने हेडमास्टर को बनाया बंधक, स्कूल में जड़ दिया ताला

    Updated: Tue, 07 Jul 2026 06:35 AM (IST)

    पूर्वी प्रखंड के मध्य विद्यालय समौरा में ग्रामीणों ने अनियमितताओं के विरोध में प्रधानाध्यापक को बंधक बनाकर स्कूल में ताला जड़ दिया। ...और पढ़ें

    हेडमास्टर को बनाया बंधक। (जागरण)

    हेडमास्टर को बनाया बंधक। (जागरण)

    HighLights

    1. मध्य विद्यालय समौरा में ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन।

    2. प्रधानाध्यापक को बंधक बनाकर स्कूल में ताला जड़ा।

    3. मध्याह्न भोजन में कीड़े मिलने पर कार्रवाई की मांग।

    पंचायत सूत्र, इटहर (कुशेश्वरस्थान)। पूर्वी प्रखंड के मध्य विद्यालय समौरा में व्याप्त अनियमितता के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा।

    आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय कार्यालय में ताला जड़ दिया तथा प्रधानाध्यापक जय प्रकाश गुप्ता को बंधक बनाकर विद्यालय के बरामदे में धरने पर बैठ गए।

    इस कारण विद्यालय में पठन-पाठन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रशासन मामले को शांत कराने में जुटा है। घटना की सूचना मिलते ही बीईओ प्रिंस झा ने एमडीएम प्रभारी श्रवण कुमार को मौके पर भेजा।

    उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर काफी मशक्कत के बाद प्रधानाध्यापक को बंधनमुक्त कराया। लेकिन ग्रामीण धरने पर डटे रहे।

    शिकायत के बाद नहीं हुई कार्रवाई

    ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता देख बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा एवं बीईओ प्रिंस झा विद्यालय पहुंचे और धरना पर बैठे लोगों से वार्ता की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो जुलाई को छात्रों को परोसे गए मध्याह्न भोजन के चावल में पिल्लू मिला था।

    इसकी शिकायत बीईओ से किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के प्रभार एवं वरीयता को लेकर भी अनियमितता का आरोप लगाया।

    उन्होंने कहा कि इस संबंध में बीईओ से लेकर जिला स्तर तक आवेदन दिया गया। लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक की पत्नी इसी विद्यालय में सहायक शिक्षिका हैं और नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज कर घर चली जाती हैं।

    इसके बावजूद प्रधानाध्यापक उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करते। जिससे विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।

    ग्रामीणों ने बीईओ पर हर माह प्रधानाध्यापक से अवैध रूप से रुपये लेने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इसलिए उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। हालांकि, बीईओ प्रिंस झा ने इस आरोप को पूरी तरह निराधार बताया।

    बीडीओ ने समझाने का किया प्रयास

    बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे प्रधानाध्यापक को हटाने एवं उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

    ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक वरीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक धरना जारी रहेगा। बीडीओ ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को भेज दी गई है।

    धरने पर राजू रमण भारती,राधे श्याम कुमार साह, महेश कुमार, फुलेश्वर साह, धर्म दास, अमरजीत साह ,सुधीर कुमार, मिथुन कुमार साह, दयानंद शर्मा,राहुल साह, विंदेश्वरी पोद्दार,दिलीप पोद्दार आदि ग्रामीण मौजूद थे।

    यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी के दो स्कूलों में मिड डे मील जांच में बड़ी गड़बड़ी, प्रधानाध्यापकों से मांगा जवाब

    जिला स्तर के अधिकारियों को घटना से अवगत करा दिया गया है। जिला से जांच टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रधानाध्यापक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    -

    प्रिंस झा, बीईओ, कुशेश्वरस्थान।

    खबरें और भी