Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्वी चंपारण के अरेराज में बड़ा हादसा, गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

    By Satyendra KumarEdited By: Dharmendra Singh
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 04:48 PM (IST)

    पूर्वी चंपारण के अरेराज स्थित बभनौली गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। चारा लेने निकली महिला और उसके चार बच्चों क ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

    HighLights

    1. बभनौली गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्य डूबे।

    2. महिला और चार बच्चों के शव गहरे गड्ढे में मिले।

    3. मिट्टी खुदाई से बने गहरे गड्ढे में हुआ यह हादसा।

    संवाद सहयोगी, अरेराज (पूर्वी चंपारण)। पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड स्थित गोविंदगंज थानाक्षेत्र के बभनौली गांव में शुक्रवार को गांव के चंवर में बने गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार पांच के लोगों की मौत हो गई।

    मरनेवालों में बभनौली स्थित वार्ड संख्या छह निवासी धर्मेंद्र महतो की सुशीला देवी (35), पुत्री अमृता कुमारी (11), पम्मी कुमारी (06) एवं पुत्र अविनाश कुमार (08) व रवि कुमार (04) की मौत हो गई।

    बताया जाता है कि गुरुवार को सुशीला देवी अपने चारों बच्चों के साथ घर से चारा लेने निकली थीं। देर शाम तक सभी के घर नहीं लौटने पर स्वजनों की चिंता बढ़ गई।

    पूरी रात स्वजन और ग्रामीण उनकी तलाश में इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच शुक्रवार सुबह जागा चंवर स्थित गहरे पानी में सभी के शव उपलाते दिखे।

    इसकी सूचना पूरे गांव में जंगल के आग की तरह फैल गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। चारों ओर चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। अपनों को खो चुके स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां मिट्टी की खुदाई के कारण काफी गहरा गड्ढा बन गया था, जिसमें बरसात का पानी भर गया है । आशंका जताई जा रही है कि किसी काम से वहां पहुंची महिला के साथ बच्चे भी थे।

    प्रारंभिक अनुमान है कि पहले कोई बच्चा गहरे पानी में फिसला होगा और उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर पूरा परिवार पानी में समा गया। हालांकि इस घटना की वास्तविक वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

    घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य कुमार दीक्षित तथा गोविंदगंज थानाध्यक्ष सच्चिदानंद पाण्डेय, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

    स्थानीय लोगों की मदद से सभी शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है । मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

    बीडीओ ने बताया कि घटना के बाद आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के अनुसार मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

    यह भी पढ़ें- मां का हाथ छूटा, जिंदगी भी छूट गई... पश्चिम चंपारण में चार दिन बाद मिला मासूम अंशु

    खबरें और भी