Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में 25 लाख की पोस्टिंग डील का राज खोलेगा मोबाइल, राजन के फोन की होगी फोरेंसिक जांच

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 04:52 PM (IST)

    मोतिहारी सदर एसडीओ से 25 लाख रुपये मांगने के आरोप में गिरफ्तार राजन जायसवाल के जब्त सेलफोन की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस उसके चंपारण, सारण और प ...और पढ़ें

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI)

    संजय कुमार उपाध्याय, मोतिहारी। मोतिहारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार की पोस्टिंग के बाद 25 लाख रुपये मांगने व नहीं देने पर स्थानांतरण रुकवा देने की धमकी देने में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए राजन जायसवाल से जब्त किए गए सभी सेलफोन की फारेंसिक जांच कराई जा रही।

    मामले की जांच कर रही पुलिस एक-एक रिकार्ड खंगाल रही है, ताकि प्रशासनिक अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में पैसों के खेल की पूरी कहानी सामने आए। जानकार बताते हैं कि राजन के सेलफोन से कई डाटा उड़ाए गए हैं।

    साथ ही उसके इंटरनेट मीडिया अकाउंट से भी कई तस्वीरें हटाई गई हैं। इन सबके बीच पुलिस राजन के सेलफोन की फारेंसिक जांच कराने की प्रक्रिया कर रही।

    ऐसा करने से संबंधित सेलफोन के सभी काल डिटेल और चैट सामने आए जाएंगे। इसमें नए और पुराने सभी विवरण मिलेंगे। वो जानकारी भी सामने आ सकेगी, जिसे फोन से मिटा दिया गया होगा। यानी डाटा रिकवर किया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

    चंपारण व सारण में खंगाला जा रहा राजन का इतिहास

    सूत्र बताते हैं कि चंपारण (पूर्वी-पश्चिमी) व सारण (गोपालगंज, छपरा, सिवान) के अतिरिक्त राजधानी पटना में भी राजन के कनेक्शन की जांच चल रही है। जांच के दौरान कई चौंकानेवाले तथ्य सामने आए हैं। उनमें कई वीआपी नंबर मिले हैं।

    अब राजन व उन नंबरों के बीच का कनेक्शन खंगाला जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के बारे में कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ रही। 2022 में राजन चंपारण में सक्रिय रहा। यहां उसके संबंध जिले के कई प्रमुख थानों के थानाध्यक्षों से रहे।

    खबरें और भी

    मोतिहारी शहर से लेकर सीमावर्ती थानों तक उसकी पहुंच के चर्चे हैं। इस दौरान शहर में सक्रिय एक भूमि कारोबारी से भी उसके संबंधों की बात शहर के लोग बताते हैं। दोनों इंटरनेट मीडिया पर एक दूसरे के मित्र सूची में भी हैं।

    21 जुलाई की शाम के बाद अचानक से राजन का व्यक्तिगत प्रोफाइल तो लाक हो गया, लेकिन उसके लिए सिवान व अन्य जिलों में काम करनेवाली नई उम्र के चुनिंदा युवाओं की टीम जिसे 0450 नाम दिया गया, उनके खातों पर वीआइपी लाइट वाली गाड़ी में राजन के रील्स अब भी देखे जा रहे।

    सिवान मैरवा थाने में दर्ज है प्राथमिकी

    पुलिस सूत्रों के अनुसार सिवान के मैरवा थाना में कांड संख्या 166/16 के तहत राजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। मामले में राजन जमानत पर था।

    इस घटना के बाद तेजी से राजन का ग्राफ बढ़ा। उसने अपने संपर्क बढ़ाए और प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारे में अपनी पैठ की बदौलत ऐसी धाक बनाई कि अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने की बात करने लगा। इस बीच जब पुलिस गिरफ्त में आया तो यह बात सामने आई। अन्यथा इससे पहले उसके काम को जानते सभी थे, लेकिन बोलता कोई न था।

    ऐसे सामने आई प्रशासनिक पोस्टिंग में पैसों के लेनदेन की बात

    प्रशासनिक पोस्टिंग में पैसों के लेन-देन की बात तब सामने आई जब मोतिहारी सदर के अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार ने 19 जुलाई को साइबर थाने में आवेदन दिया। पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि 12 जुलाई को उनकी पोस्टिंग अधिसूचना जारी हुई।

    अधिसूचना जारी होने के बाद राजन का व्हाट्सएप संदेश व काल आने लगा। उसने 25 लाख रुपये पोस्टिंग के एवज में मांगे और कहा पैसा नहीं देने पर पोस्टिंग का आदेश स्थगित हो जाएगा। इसके लिए उसने पूर्व में पदस्थापन स्थगन आदेश से संबंधित कागज भी भेजे।

    एसडीओ के आवेदन के बाद साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई। घटना के कई दिन बाद प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद राज्य एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजन को पटना के मोकामा से गिरफ्तार कर लिया।

    इसके बाद उसे मोतिहारी लाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद जेल भेजा गया। इसके बाद से लगातार जांच की जा रही है। इन सबके बीच राजन की कहानी खूब चर्चा में है। उसके साथ रहनेवाले कई भूमिगत हैं तो कई पुलिस कार्रवाई को समझने में लगे हैं।

    पूरे प्रकरण की जांच की जा रही। गिरफ्तार कर जेल भेजे गए आरोपित से मिले सेलफोन की फारेसिंक जांच कराई जा रही। उसके चंपारण व सारण कनेक्शन को भी खंगाला जा रहा। मोतिहारी पुलिस सिवान पुलिस के संपर्क में आकर तथ्य एकत्र कर रही। स्थानीय स्तर जमीन धंधेबाज व अन्य के साथ की भी जांच चल रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।’

    स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।

    • 12 जुलाई को मोतिहारी एसडीओ की पोस्टिंग की अधिसूचना जारी होने के बाद सिवान के राजन जायसवाल ने मांगी थी 25 लाख की रंगदारी, दी थी स्थानांतरण आदेश स्थगित कराने की धमकी
    •  2022 से सारण व चंपारण में संगठित तरीके से काम कर रहा ट्रांसफर पोस्टिंग गैंग, कई माफिया थे साथ, मोतिहारी के भूमि धंधेबाजों से संपर्क व सिवान में दर्ज आपराधिक मामलों के बारे में भी ली जा रही जानकारी
    • मोतिहारी एसडीओ की पोस्टिंग में पैसा मांगनेवाले सिवान के निवासी राजन जायसवाल के जब्त सेलफोन की फारेंसिक जांच कराने में जुटी पुलिस, फोन से हटाए गए डाटा की भी हो सकेगी रिकवरी
    • 0450 सिवान की टीम राजन की छवि चमकाने का करती काम, टीम में कई युवा शामिल, पुलिस कार्रवाई होने के भय से कई हुए भूमिगत तो कई समझ रहे पुलिस कार्रवाई की चाल

    यह भी पढ़ें- मोतिहारी SDO से 25 लाख की डिमांड, राजन की हिम्मत के पीछे कौन, बातचीत का रिकार्ड खंगाल रही पुलिस