मोतिहारी में स्प्रिट का कहर: 48 घंटों में चार की मौत, थानाध्यक्ष निलंबित
पूर्वी चंपारण के रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में स्प्रिट से बनी शराब पीने से 48 घंटों में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य बीमार हैं। ...और पढ़ें

जांच में जुटी पुलिस।(जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, मोतिहारी/तुरकौलिया। पूर्वी चंपारण के रघुनाथपुर व तुरकौलिया थानाक्षेत्र के अलग-अलग गांवों में स्प्रिट से बनी शराब का कहर बरपने लगा है। पिछले 48 घंटों में पांच लोगों की मौत हो गई है।
स्प्रिट का असर ऐसा रहा कि बुधवार की रात रघुनाथपुर से शुरू हुआ मौत का क्रम गुरुवार की रात व शुक्रवार की शाम तक जारी रहा। चार नए लोगों की मौत हो गई। इस तरह से शुक्रवार की शाम पांच बजे तक कुल पांच लोगों की मौत हो गई। डेढ़ दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। सभी का इलाज सदर व अन्य अस्पतालों में चल रहा है।
सात लोग इलाज के बाद अपने-अपने घरों को लौटे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार की रात में ही तुरकौलिया थाना का निरीक्षण कर सदर वन के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की।
तुरकौलिया के थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही व अन्य गंभीर आरोपों में इसी थाना के परसौना के चौकीदार भरत राय को गिरफ्तार किया है। घटना के पर्दाफाश के लिए एसपी ने विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया है।
टीम का नेतृत्व सदर एसडीपीओ कर रहे हैं। टीम ने साइबर थाना के पुलिस उपाधीक्षक अभिनव परासर और जिला आसूचना ईकाई के प्रभारी व अन्य शामिल हैं। इस बीच घटना के मुख्य आरोपित इसी थानाक्षेत्र के गदरिया निवासी नागा राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अवैध शराब के धंधे में उसका पूरा परिवार शामिल बताया गया है।
खबरें और भी
इनकी हुई मौत, ये हैं बीमार
मरने वालों में तुरकौलिया थानाक्षेत्र शंकर सरैया परसौना निवासी प्रमोद यादव, परसौना मुशहरी टोला निवासी परीक्षण मांझी, रघुनाथपुर के हरदिया निवासी हीरालाल भगत व बालगंगा निवासी संपत साह शामिल हैं।
एक रघुनाथपुर निवासी चंदू की मौत बुधवार की रात हो गई थी। करीब डेढ़ दर्जन लोग बीमार हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। बीमार लोगों का इलाज बेहतर तरीके से हो इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी तत्पर हैं।
बीमार लोगों में हरिलाल राय, आशुदेव राय, संजय राय, धर्मेंद्र यादव, अशोक कुमार व अन्य शामिल हैं। दो लोगों को गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से रेफर किया गया है।
हत्या की दो प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद पुलिस लगातार एक्शन मोड में है। तुरकौलिया थाना में प्रमोद यादव के स्वजन के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। रघुनाथपुर थाना में हीरालाल भगत के स्वजन के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बताया गया है कि प्राथमिकी में स्वजनों ने उन सभी लोगों का नाम बताया है, जिन लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब बेची थी। सभी के नाम गोपनीय रखते हुए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मुख्य धंधेबाज गिरफ्तार, स्वजन भी पकड़े गए
पुलिस ने इस पूरी घटना के मुख्य साजिशकर्ता नागा राय को गिरफ्तार किया है। उसके साथ उसके स्वजन भी पकड़े गए हैं। जांच में यह बात सामने आई है नागा द्वारा किए जा रहे अवैध शराब के धंधे में उसके स्वजन भी शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
घटना में मारे गए लोगों के स्वजनों के बयान के आधार पर रघुनाथपुर व तुरकौलिया में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना के मुख्य साजिशकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लापरवाही के आरोप में तुरकौलिया थानाध्यक्ष निलंबित किए गए हैं। चौकीदार की गिरफ्तारी की गई है। एसआइटी बनाई गई है। इस अवैध धंधे से जुड़े सभी ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।’
स्वर्ण प्रभात, पुलिस अधीक्षक, पूर्वी चंपारण।