गया: मौत को मात देकर घर लौटा 4 साल का पीयूष, बोरवेल में जिंदगी से जंग जीतने के बाद आंगन में लौटी मुस्कान
फतेहपुर, गया में आठ घंटे तक बोरवेल में फंसे चार वर्षीय पीयूष को सुरक्षित बचा लिया गया है। रेस्क्यू के बाद घर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल है, हाल ...और पढ़ें

आंगन में लौटी मुस्कान
HighLights
चार वर्षीय पीयूष बोरवेल से सुरक्षित घर लौटा।
रेस्क्यू के बाद दाहिने पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
परिवार और ग्रामीण पीयूष के नए जीवन से खुश।
संवाद सूत्र, फतेहपुर (गया)। आठ घंटे तक बोरवेल में जिंदगी और मौत से संघर्ष करने वाला चार वर्षीय पीयूष अब पूरी तरह सुरक्षित अपने घर लौट आया है। रेस्क्यू के बाद चिकित्सकीय निगरानी और उपचार के उपरांत शुक्रवार को जब मासूम घर पहुंचा तो परिवार की चिंता खुशी में बदल गई।
जिस आंगन में एक दिन पहले मातम जैसा माहौल था। वहां अब पीयूष की मुस्कान दिखाई दे रही हैं। रेस्क्यू के बाद पुरुष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में करीब चार घंटे तक चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया। इस दौरान उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति सामान्य पाई गई।
दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि
जांच में दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए पहले पिलग्रिम अस्पताल गया भेजा गया। वहां हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
मगध मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने बच्चे के पैर में कच्चा प्लास्टर किया। आवश्यक दवाएं दीं और प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से घर भेज दिया। चिकित्सक ने स्वजन को 15 दिन बाद दोबारा जांच के लिए बुलाया है। उस समय एक्स-रे के आधार पर स्थिति का आकलन कर आवश्यकता पड़ने पर पक्का प्लास्टर किया जाएगा।
खबरें और भी
बच्चा पूरी तरह स्वस्थ
पियूष के चाचा चंद्रदेव मांझी ने बताया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है। वह सामान्य रूप से बातचीत कर रहा है और खाना पीना भी पहले की तरह कर रहा है। चिकित्सकों ने केवल पैर की विशेष देखभाल और नियमित जांच की सलाह दी है।
पीयूष के पिता दिनेश मांझी मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। बेटे के सकुशल बचने की खबर मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। मां प्रमिला देवी सहित सभी स्वजन इसे ईश्वर की कृपा, लोगों की दुआ और रेस्क्यू टीम की मेहनत का परिणाम मान रहे हैं। ग्रामीण भी पियूष के स्वस्थ होकर घर लौटने को उसके नए जीवन की शुरुआत के रूप में देख रहे हैं।