गया पुलिस महकमे में फेरबदल, 9 पुलिस पदाधिकारियों का हुआ ट्रांसफर
गया पुलिस महकमे में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। ...और पढ़ें
-1780297942926_m.webp)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
गया पुलिस में नौ अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल।
मोहनपुर, बेलागंज सहित कई थानों के थानाध्यक्ष बदले।
कानून व्यवस्था प्रभावी बनाने हेतु बेहतर पुलिसिंग का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, गयाजी। गया पुलिस महकमे में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत जिले के नौ पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है।
इस फेरबदल में कई महत्वपूर्ण थानों के थानाध्यक्ष बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस केंद्र में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नगर यातायात थाना के थानाध्यक्ष रहे पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार को मोहनपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
मुकेश कुमार बने यातायात थानाध्यक्ष
वहीं, पुलिस केंद्र में पदस्थापित सुशील कुमार द्विवेदी को बेलागंज थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र में कार्यरत मुकेश कुमार वर्मा को नगर यातायात थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
अतरी थाना के थानाध्यक्ष राज कौशल को पुलिस केंद्र भेजा गया है, जबकि मोहनपुर थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार-02 को भी पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है।
रामपुर थाना में कार्यरत पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार को कोठी थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। इसी प्रकार पुरा थाना के थानाध्यक्ष अजय कुमार-02 को अतरी थाना की कमान सौंपी गई है।
पुरा थाना की थानाध्यक्ष बनीं सुष्मिता राज
चंदौती थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सुष्मिता राज को पुरा थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। कोठी थाना के थानाध्यक्ष संजीत कुमार को पुलिस केंद्र भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग के जानकारों का मानना है कि एसएसपी द्वारा किया गया यह फेरबदल प्रशासनिक जरूरतों और बेहतर पुलिसिंग को ध्यान में रखकर किया गया है।
नए पदस्थापित अधिकारियों के समक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और जनसरोकारों से जुड़े मामलों को प्रभावी ढंग से संभालने की चुनौती होगी।
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
इस बदलाव के बाद जिले के कई प्रमुख थानों में नई कार्यशैली और नई रणनीति के साथ पुलिसिंग को और मजबूत किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिहार में रिटायरमेंट से पहले 275 पुलिसकर्मियों को मनचाही जगह मिलेगी तैनाती, DIG ने जारी किया आदेश