'बेटी हुई है...', पापा ने बैलून से सजाई कार और बरसाए गुलाब, गोपालगंज के अस्पताल का VIDEO वायरल
गोपालगंज के राहुल कुमार ने अपनी नवजात बेटी के जन्म का जश्न अनोखे ढंग से मनाया। उन्होंने कार को फूलों से सजाया, अस्पताल कर्मियों को लड्डू बांटे और बेटी ...और पढ़ें
HighLights
राहुल ने बेटी के जन्म पर कार को फूलों से सजाया।
अस्पताल कर्मियों को लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया।
बेटियों को सम्मान देने का प्रेरक संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज: 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के संदेश को साकार करते हुए नगर थाना क्षेत्र के फतहा गांव निवासी राहुल कुमार ने अपनी नवजात बेटी के जन्म की खुशी अनोखे अंदाज में मनाई।
सदर अस्पताल में उनकी पत्नी मनीषा ने पहली संतान के रूप में एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म की सूचना मिलते ही राहुल की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
सजी-धजी कार में घर ले गए बेटी
पत्नी और नवजात बेटी को घर ले जाने के लिए बुधवार को राहुल ने एक कार किराये पर लेकर उसे रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजवाया।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जैसे ही मनीषा अपनी बेटी को गोद में लेकर बाहर निकलीं, राहुल ने दोनों का गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत किया।

बेटी होना सौभाग्य का प्रतीक
इस भावुक पल को देखने के लिए अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी रुक गए और परिवार को शुभकामनाएं दीं। राहुल कुमार ने कहा कि बेटी का जन्म उनके लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है।
समाज में बेटियों को सम्मान और बराबरी का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर परिवार को बेटी के जन्म पर इसी तरह खुशियां मनानी चाहिए, क्योंकि बेटियां परिवार की शान होती हैं।
अपनी खुशी साझा करते हुए राहुल ने सदर अस्पताल में तैनात सफाईकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के बीच लड्डू बांटकर उनका मुंह मीठा कराया।
उनकी इस अनोखी पहल की अस्पताल परिसर में खूब चर्चा रही। लोगों ने राहुल के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं और बेटी के सम्मान व समानता का प्रेरक संदेश देते हैं।
