बिहार में नीली बत्ती और सायरन बजाकर हो रही थी शराब तस्करी, एंबुलेंस से 509 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
एंबुलेंस का इस्तेमाल कर बिहार में शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। गोपालगंज के कुचायकोट में पुलिस ने नीली बत्ती वाली एंबुलेंस से 509 लीटर अं ...और पढ़ें
HighLights
एंबुलेंस से 509 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त।
नीली बत्ती और सायरन का उपयोग कर रहे थे तस्कर।
चालक गिरफ्तार, शराब तस्करी नेटवर्क की जांच जारी।
संवाद सूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। बिहार में शराबबंदी के बाद तस्कर शराब की खेप खपाने के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कुचायकोट में तस्करों ने इस बार एंबुलेंस को ही शराब ढोने का जरिया बना लिया। नीली बत्ती जलाकर सायरन बजाती एंबुलेंस को पुलिस ने एनएच-27 पर रोका तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गई।
तलाशी में एंबुलेंस के अलग-अलग हिस्सों में छिपाकर रखी गई 509.700 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर एंबुलेंस जब्त कर ली।
गिरफ्तार चालक की पहचान बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी बीकू कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से बेगूसराय ले जाई जा रही थी।
सूचना पर पहाड़पुर में शुरू हुई जांच
कुचायकोट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से एक एंबुलेंस में भारी मात्रा में शराब लेकर तस्कर एनएच-27 के रास्ते गुजरने वाले हैं। सूचना के बाद पहाड़पुर पेट्रोल पंप के समीप वाहनों की सघन जांच शुरू की गई। इसी दौरान नीली बत्ती जलाकर सायरन बजाती एंबुलेंस आती दिखी। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो शराब की खेप बरामद हो गई।
बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आरोपित चालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया। अब पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क का बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। शराब किसने भेजी थी और बेगूसराय में किन लोगों तक इसकी आपूर्ति होनी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की पहचान में जुटी है।