बिहार में 30 जून तक मनरेगा की अधूरी योजनाएं होंगी बंद, 1 जुलाई से नई व्यवस्था लागू; 125 दिन मिलेगा रोजगार
बिहार में 30 जून तक मनरेगा की पुरानी योजनाएं बंद कर दी जाएंगी, और 1 जुलाई से नई व्यवस्था लागू होगी। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 की जगह 125 दिन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
30 जून तक मनरेगा की सभी पुरानी योजनाएं होंगी बंद।
1 जुलाई से नई व्यवस्था लागू, 125 दिन का रोजगार।
कृषि सीजन में मनरेगा कार्य दो महीने तक स्थगित रहेंगे।
संवाद सूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मनरेगा योजनाओं के संचालन में होने वाले बदलावों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ सुनील कुमार मिश्रा ने कहा कि मनरेगा के तहत संचालित सभी पुरानी योजनाओं को 30 जून तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जो योजनाएं तय समय सीमा तक पूरी नहीं होंगी, उन्हें बंद कर दिया जाएगा। ऐसी योजनाओं की माप पुस्तिका तैयार कर राशि का समायोजन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि एक जुलाई से नई व्यवस्था के तहत विकास कार्यों का चयन कर उन्हें क्रियान्वित किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों से उन्होंने लंबित योजनाओं को समय पर पूरा कराने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कहा कि नई व्यवस्था से योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में पारदर्शिता तथा प्रभावशीलता बढ़ेगी। प्रशिक्षण के दौरान परियोजना पदाधिकारी नीरज पांडेय ने नई व्यवस्था के विभिन्न प्रविधानों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पहले मनरेगा के तहत एक परिवार को वर्ष में अधिकतम 100 दिनों का रोजगार मिलता था, जबकि नई व्यवस्था में इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इससे ग्रामीण परिवारों को अधिक रोजगार और अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा।
बताया कि कृषि सीजन में किसानों को मजदूरों की कमी नहीं हो, इसके लिए धान की रोपाई व कटाई तथा गेहूं की बुवाई व कटाई के दौरान दो महीने तक मनरेगा कार्य स्थगित रहेंगे। इससे कृषि कार्य प्रभावित नहीं होंगे और किसानों को समय पर श्रमिक उपलब्ध हो सकेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि अखिलेश कुमार सिंह, उप प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र चौबे, राकेश तिवारी, अरुण मिश्रा, रामेश्वर यादव, चंद्रकांत सिंह समेत बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मुहर्रम पर हिंसा: लखीसराय और खगड़िया में दो गुट भिड़े, अररिया में थाने में घुस गए हुड़दंगी
यह भी पढ़ें- Bihar School Upgradation : भागलपुर के चार कस्तूरबा विद्यालयों में 12वीं तक होगी पढ़ाई, नामांकन प्रक्रिया जान लें