गोपालगंज में जमीनी विवाद ने लिया खूनी मोड़, युवक के सिर में मारी गोली; इलाज के लिए पटना रेफर
गोपालगंज के मीरगंज में जमीनी विवाद के चलते संतोष कुमार यादव नामक व्यक्ति को देर रात गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें पटना रे ...और पढ़ें
-1777786528823_m.webp)
जख्मी को पटना के लिए लेकर जाते पुलिसकर्मी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ तोता राम टोला गांव में रविवार की देर रात करीब दो बजे घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति पर अपराधियों ने गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान संतोष कुमार यादव के रूप में की गई है, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना जमीनी बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद का परिणाम है। बताया जाता है कि जमीन के हिस्सेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और मामला कोर्ट में लंबित है।
इसी रंजिश के चलते देर रात अपराधियों ने संतोष कुमार यादव को निशाना बनाया और उनके सिर में गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थानाध्यक्ष दुर्गानंद मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।