गोपालगंज में हड़ताल के दौरान पंचायत सचिवों ने निकाले ₹3000000, DM को मिली लिस्ट; अब होगा एक्शन
गोपालगंज में हड़ताल के बावजूद पंचायत सचिवों द्वारा 30 लाख रुपये की राशि निकालने पर पंचायती राज विभाग ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

गोपालगंज डीएम पवन कुमार सिन्हा। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने के बावजूद गोपालगंज जिले के कई पंचायत सचिवों द्वारा योजनाओं की राशि निकाले जाने का मामला सामने आने के बाद पंचायती राज विभाग ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
विभाग के सचिव मनोज कुमार ने डीएम पवन कुमार सिन्हा को अत्यावश्यक पत्र भेजकर हड़ताल अवधि में वित्तीय कार्य करने वाले पंचायत सचिवों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध अनुशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
विभागीय जांच में सामने आया है कि पंचायत सचिवों की हड़ताल शुरू होने के बाद भी गोपालगंज जिले की सात पंचायतों में ई-पंचायत बिहार और ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर डीएससी साइन कर करीब 30 लाख रुपये की निकासी की गई।
सरकार ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कहा है कि हड़ताल में रहते हुए वित्तीय कार्य करना गलत मानसिकता एवं व्यक्तिगत आर्थिक लाभ की ओर संकेत करता है।
सरकार की ओर से जारी सूची में विजयीपुर, कटेया, कुचायकोट और फुलवरिया प्रखंड की पंचायतों का नाम शामिल है। सबसे अधिक निकासी फुलवरिया प्रखंड की बथुआ बाजार पंचायत में 12.49 लाख रुपये की हुई है। वहीं, गणेश डुम्मर पंचायत में 5.55 लाख तथा पररिया पंचायत में 4.64 लाख रुपये निकाले गए।
विभाग ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया है कि हड़ताल अवधि में किए गए सभी भुगतानों की जांच कराई जाए तथा संबंधित पंचायत सचिवों पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के तहत कार्रवाई की जाए।
प्रखंडवार पंचायतों से निकाली गई राशि
- विजयीपुर के कोटिया से 0.76 लाख रुपये
- विजयीपुर के मुसहरी से 0.07 लाख रुपये
- कटेया के पररिया से 4.64 लाख रुपये
- कुचायकोट के दुर्ग मठिहनिया से 0.08 लाख रुपये
- फुलवरिया के बथुआ बाजार से 12.49 लाख रुपये
- फुलवरिया के गणेश डुम्मर से 5.55 लाख रुपये
- फुलवरिया के फुलवरिया से 4.08 लाख रुपये
- फुलवरिया के फुलवरिया से 2.33 लाख रुपये
यह भी पढ़ें- बिहार में हड़ताल पर रहने के बाद भी पंचायत सचिवों ने किया करोड़ों का भुगतान, अब गिरेगी गाज