गोपालगंज में पुलिस की बर्बरता: बथुआ बाजार में जवानों ने बंदूक की बट से मिठाई व्यापारी को पीटा, सिर फटा
गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार में क्यूआरटी के दो जवानों ने एक मिठाई व्यवसायी को बंदूक की बट से पीटकर घायल कर दिया। ...और पढ़ें
-1783669191611_m.webp)
HighLights
फुलवरिया में क्यूआरटी जवानों ने मिठाई व्यवसायी को बंदूक की बट से पीटा।
पिटाई से व्यवसायी मनीष कुमार का सिर फटा, नाक भी जख्मी हुई।
एसडीपीओ ने मामले की जांच के आदेश दिए, कार्रवाई का आश्वासन।
संवाद सूत्र, फुलवरिया। जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार में शुक्रवार की सुबह त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) में शामिल दो पुलिस के जवानों ने एक मिठाई व्यवसायी की बंदूक की बट से पिटाई कर उसे घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में व्यवसायी को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना में व्यवसायी का सिर फट गया, जबकि उसकी नाक भी जख्मी बताई जा रही है। घटना के बाद बथुआ बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मिली जानकारी के अनुसार, बथुआ बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में बाइक पर सवार होकर खुद को हथुआ एसडीपीओ का गार्ड बताने वाले क्यूआरटी के दो पुलिसकर्मी अक्सर घूमते रहते हैं।
शुक्रवार को दोनों पुलिसकर्मी बथुआ बाजार में एक युवक को पकड़े हुए थे, जिस पर शराब पीने का आरोप था। इसी दौरान बथुआ बाजार निवासी मिठाई व्यवसायी मनीष कुमार वहां पहुंचे और मामला देखने लगे। व्यवसायी ने कहा कि यदि युवक ने शराब पी है तो उसकी जांच कर कार्रवाई की जाए। इस बात पर क्यूआरटी के पुलिसकर्मी नाराज हो गए।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने व्यवसायी मनीष कुमार को भी शराब पीने के आरोप में जबरन अपनी गाड़ी पर बैठाया और बथुआ बाजार के बीचों-बीच ले जाकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। बंदूक की बट से किए गए हमले में व्यवसायी का सिर फट गया, जबकि उसकी नाक से भी खून बहने लगा।
खबरें और भी
सूचना मिलने पर फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल व्यवसायी को अस्पताल पहुंचाया।थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि व्यवसायी ने शराब का सेवन नहीं किया था। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब व्यवसायी ने शराब नहीं पी थी, तो उस पर पुलिसकर्मियों द्वारा हमला क्यों किया गया। घायल व्यवसायी मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि अपाचे बाइक पर सवार दो पुलिसकर्मी वर्दी में थे, जबकि एक सादे कपड़ों में था। तीनों ने मिलकर बंदूक की बट से उन पर हमला किया।
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि उनके पर्यवेक्षण में दो क्यूआरटी जवानों को लाइन बाजार तथा बथुआ बाजार में व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है। दोनों जवानों को किसी भी प्रकार की शराब जांच या अन्य आपराधिक जांच में शामिल होने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है। यदि उन्होंने ऐसा किया है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।