गोपालगंज में कोचिंग जाते वक्त 2 महिलाओं ने किया अगवा, छात्रा की सूझबूछ से बची जान; पुलिस ने सिवान से किया बरामद
गोपालगंज में कोचिंग जा रही इंटर की छात्रा को दो नकाबपोश महिलाओं ने स्प्रे मारकर अगवा कर लिया। छात्रा की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे सिवा ...और पढ़ें

पुलिस स्टेशन में स्वजन। फोटो जागरण
HighLights
गोपालगंज में कोचिंग जाती छात्रा का अपहरण।
नकाबपोश महिलाओं ने स्प्रे मारकर किया अगवा।
पुलिस ने सिवान के पचरूखी से सकुशल बचाया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बंजारी मोड़ से आटो में सवार होकर कोचिंग जा रही इंटर की छात्रा को दो नकाबपोश महिलाओं ने कथित तौर पर स्प्रे मारकर अगवा कर लिया। छात्रा की सूझबूझ और नगर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे सिवान जिले के पचरूखी रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित गोपालगंज लाकर उसके स्वजन को सौंप दिया। वहीं, छात्रा को अगवा करने की कोशिश करने वाली दोनों महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, विश्वंभरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली छात्रा शहर के बंजारी मोहल्ले में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती है।
बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह बंजारी मोड़ से जंगलिया मोहल्ले स्थित कोचिंग जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश महिलाएं उसके पास पहुंचीं और तीन-चार सौ रुपये मांगने लगीं। छात्रा ने रुपये नहीं होने की बात कही और आटो में बैठ गई। इसके बाद दोनों महिलाएं भी उसी आटो में सवार हो गईं।
स्प्रे मारकर किया असहज, स्टेशन ले गया आटो चालक
छात्रा के अनुसार, रास्ते में महिलाओं ने उसके चेहरे पर किसी प्रकार का स्प्रे कर दिया। इससे उसकी आंखों में तेज जलन होने लगी और वह असहज हो गई।
आरोप है कि आटो चालक भी महिलाओं के कहने पर छात्रा को कोचिंग स्थल पर उतारने के बजाय सीधे गोपालगंज रेलवे स्टेशन ले गया। वहां से दोनों महिलाएं छात्रा को ट्रेन में बैठाकर सिवान की ओर ले गईं।
बाथरूम में जाकर भाई को भेजा मैसेज
ट्रेन में छात्रा की आंखों की जलन कुछ कम हुई तो उसने हिम्मत दिखाते हुए बहाने से बाथरूम में जाकर अपने भाई को वाट्सएप पर मैसेज भेजा। उसने भाई को बताया कि दो महिलाओं ने उसका अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही भाई ने नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
लोकेशन ट्रेस कर पचरूखी में मिली छात्रा
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने छात्रा के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और सिवान तक के संबंधित रेलवे स्टेशनों की पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस के बीच लगातार समन्वय और तलाशी अभियान के बाद छात्रा को पचरूखी रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
खबरें और भी
नगर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार प्रभाकर ने बताया कि बंजारी मोड़ से कोचिंग जाने के दौरान दो महिलाओं ने छात्रा को अगवा करने का प्रयास किया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को बरामद कर लिया।
आरोपित महिलाओं की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- तू ही है मास्टर जी... पटना में कारोबारी पर फायरिंग, ग्रामीणों ने सुपारी किलर पकड़कर मार डाला