तू ही है मास्टर जी... पटना में कारोबारी पर फायरिंग, ग्रामीणों ने सुपारी किलर पकड़कर मार डाला
पटना के गौरीचक में जमीन कारोबारी पर हमला करने वाले दो अपराधियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। भीड़ की पिटाई से एक अपराधी की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो
HighLights
जमीन कारोबारी पर हमला करने आए अपराधी पकड़े गए।
ग्रामीणों की पिटाई से एक अपराधी की मौत हुई।
जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ। गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव में मंगलवार की देर शाम जमीन कारोबारी की हत्या की सुपारी लेकर पहुंचे बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों को ग्रामीणों ने खदेड़कर दबोच लिया। पकड़े गए दोनों अपराधियों की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की गई, जबकि तीसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परसा बाजार और गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ के चंगुल से दोनों घायलों को छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तेजना निवासी सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया।
दूसरे आरोपित विवेक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से दो गोली और तीन खोखे बरामद किए हैं। वहीं, फरार तीसरे आरोपित की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार ने बताया कि सुरेश कुमार पर तीन मोटरसाइकिल सवार अपराधी गोलीबारी कर रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़कर पीट दिया। इसमें एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। इस संबंध में पीड़ित सुरेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी कराई गई है।
खबरें और भी
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची थी। इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक की पहचान कर ली गई है, जो एक वर्ष पूर्व फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मसौढ़ी निवासी नीतीश कुमार और गौरीचक के लक्ष्मीचक निवासी कारोबारी सुरेश कुमार उर्फ मास्टर जी के बीच पिछले काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सिमरा निवासी शिवशंकर से खरीदी गई 27 कट्ठे जमीन के विवाद और एक पक्ष की मदद करने के कारण रंजिश थी। इसी के चलते फतेहपुर (धनरुआ) निवासी नीतीश कुमार ने जमीन कारोबारी की हत्या की पूरी साजिश रची और इसके लिए बदमाशों को सुपारी दी थी।
तू ही है मास्टर जी... और चला दी गोली
मंगलवार की शाम करीब साढ़े सात बजे लक्ष्मीचक गांव में जमीन कारोबारी सुरेश कुमार उर्फ मास्टर जी अपने घर के बाहर कुछ स्थानीय लोगों के साथ कुर्सी पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां आ धमके।
एक बदमाश सीधे सुरेश कुमार के पास पहुंचा और उसने तंज कसते हुए पूछा, 'तू ही है मास्टर जी'? इससे पहले कि सुरेश कुमार कुछ समझ पाते, बदमाशों ने दहशत फैलाने और रास्ता साफ करने की नीयत से ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग कर दी।
अचानक हुई इस गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कई लोग मौजूद थे, जिससे अपराधियों की हिम्मत थोड़ी डगमगाई और सुरेश कुमार किसी तरह सुरक्षित स्थान पर छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पीछा करने पर असंतुलित होकर गिर गई अपराधियों की बाइक
फायरिंग के बाद तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर भागने लगे, लेकिन इस बार ग्रामीण सहमे नहीं, बल्कि अपराधियों के पीछे डटकर खड़े हो गए। दर्जनों की संख्या में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर ग्रामीण अपराधियों का पीछा करने लगे। इस दौरान गांव की गलियों से लेकर मुख्य सड़क तक अफरा-तफरी मच गई।
भागने के क्रम में गौरीचक और परसा बाजार थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित धमौल गांव के पास अपराधियों की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसी बीच पीछा कर रहे ग्रामीणों ने दो अपराधियों को दबोच लिया।
उग्र भीड़ का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने दोनों की लाठी-डंडों, लात-घूंसों और ईंटों से बेरहमी से पिटाई कर दी। देखते ही देखते दोनों बदमाश अधमरी हालत में सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनका तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
तीसरे आरोपित और साजिशकर्ता की हुई पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपित और सुपारी देने वाले मुख्य साजिशकर्ता नीतीश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घायल अपराधी ने भी पूछताछ के क्रम में सुपारी देने की बात स्वीकार की है। साजिशकर्ता की भी पुलिस ने पहचान कर ली है। इधर, घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले के हर एक पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है।