Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जहानाबाद में पंचायत चुनाव की हलचल तेज, पंचायतों के परिसीमन का पहला चरण शुरू

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 03:15 PM (IST)

    जहानाबाद जिले में आगामी ग्राम पंचायत चुनावों के लिए परिसीमन प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो गया है। इसमें पंचायत मुख्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का गहन म ...और पढ़ें

    पंचायतों के परिसीमन का पहला चरण शुरू

    पंचायतों के परिसीमन का पहला चरण शुरू

    HighLights

    1. ग्राम पंचायत चुनावों के लिए परिसीमन प्रक्रिया का पहला चरण शुरू।

    2. पंचायत मुख्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का गहन ऑनलाइन मूल्यांकन किया जा रहा।

    3. भविष्य के निर्णयों हेतु पारदर्शी और सटीक डेटाबेस तैयार करना।

    जागरण संवाददाता, जहानाबाद। आगामी ग्राम पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में जहानाबाद जिले में ग्राम पंचायतों के परिसीमन प्रक्रिया के प्रथम चरण का कार्य आधिकारिक तौर पर प्रारंभ कर दिया गया है। 

    इस चरण के तहत पंचायत मुख्यालयों में उपलब्ध मूलभूत नागरिक सुविधाओं का गहन मूल्यांकन और ऑनलाइन आकलन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के वर्तमान ढांचे की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके।

    पंचायत सचिवों को सौंपी गई जिम्मेदारी 

    पंचायती राज विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में प्रखंड विकास पदाधिकारियों के नेतृत्व में इस सर्वेक्षण का कार्य पूरा कराया जा रहा है। धरातल पर वास्तविक स्थिति की जांच के लिए पंचायत सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 

    पंचायत सचिवों द्वारा सर्वे कर जुटाई गई जानकारी के आधार पर डेटा ऑपरेटरों के माध्यम से पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री दर्ज की जा रही है। यह विस्तृत रिपोर्ट आने वाले समय में पंचायती राज विभाग को प्रेषित की जाएगी।

    आधारभूत ढांचे की बिंदुवार समीक्षा 

    इस आकलन प्रक्रिया में पंचायत मुख्यालयों के आधारभूत ढांचे की बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। इसके तहत संबंधित राजस्व ग्राम में प्राथमिक व मध्य विद्यालय, थाना,डाकघर,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सीआरसी केंद्र की उपलब्धता जांची जा रही है। इसके अलावा आवागमन के लिए पक्की सड़कें, नल-जल योजना की स्थिति, स्थानीय बाजार और पंचायत सरकार भवन की मौजूदगी का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। 

    जिन स्थानों पर पंचायत सरकार भवन या अन्य सुविधाएं मौजूद हैं,वहां आनलाइन प्रणाली में सही का निशान लगाया जा रहा है, और जहां ये अनुपलब्ध हैं,वहां विवरण को खाली या अनुपस्थित दर्ज किया जा रहा है।

    वर्तमान 88 पंचायतों पर ही केंद्रित है प्राथमिक प्रक्रिया

    फिलहाल यह कार्य जिले की सभी 88 मौजूदा पंचायतों के पहले से निर्धारित मुख्यालयों पर ही सीमित रखा गया है। अभी किसी नए पंचायत के गठन या सीमाओं में फेरबदल का काम शुरू नहीं हुआ है। 

    खबरें और भी

    अधिकारियों के अनुसार, यदि परिसीमन प्रक्रिया के दौरान आगे पंचायतों की संख्या में बढ़ोतरी होती है या नई पंचायतों का गठन किया जाता है,तो विभाग से अगले चरण के आदेश मिलने के बाद नए सिरे से डेटा एंट्री और समायोजन किया जाएगा। 

    विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन और पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले प्रत्येक पंचायत मुख्यालय की भौतिक और बुनियादी व्यवस्था का एक पारदर्शी व सटीक डेटाबेस तैयार रहे,जिससे आगे के फैसलों में आसानी हो सके।

    यह भी पढ़ें- बिहार में अब पशुओं की मौत पर भी मिलेगा मुआवजा, क्या है आपदा विभाग की नई योजना?