जमुई में पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन: मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस में 30 मिनट तक चली तलाशी, सुरक्षित बचाए गए 3 स्कूली बच्चे
झाझा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस से वैशाली के बुद्धा वर्ल्ड स्कूल के तीन स्कूली बच्चों को सकुशल बरामद क ...और पढ़ें
-1783827458824_m.webp)
AI Generated Image
HighLights
झाझा स्टेशन पर मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस से तीन बच्चे बरामद।
जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस ने मिलकर बच्चों को बचाया।
वैशाली के बुद्धा वर्ल्ड स्कूल के छात्र थे तीनों बच्चे।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। झाझा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को जीआरपी, आरपीएफ एवं झाझा थाना पुलिस की तत्परता से वैशाली के बुद्धा वर्ल्ड स्कूल के तीन स्कूली बच्चों को मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13030) से सकुशल बरामद कर लिया गया। समय पर की गई संयुक्त कार्रवाई से बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली।
बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब 5:25 बजे जिला नियंत्रण कक्ष जमालपुर एवं अन्य स्रोतों से सूचना प्राप्त हुई कि बुद्धा वर्ल्ड स्कूल, वैशाली के दो-तीन छात्र मोकामा-हावड़ा एक्सप्रेस से हावड़ा की ओर जा रहे हैं। हालांकि, वे किस कोच में यात्रा कर रहे हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
सूचना मिलते ही जीआरपी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जीआरपी, आरपीएफ तथा स्थानीय झाझा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ट्रेन के विभिन्न कोचों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान शाम करीब 5:55 बजे तीनों बच्चों को ट्रेन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
उनकी पहचान 12 वर्षीय देवजीत कुमार (पिता दीपांकर दास गुप्ता, अररिया), 14 वर्षीय अंश कुमार सिंह (पिता जितेंद्र कुमार सिंह, बाबू बाजार, पश्चिम बंगाल) तथा 13 वर्षीय आयुष राज (पिता पप्पू प्रसाद सिंह, गुरमीपा, थाना लालगंज, जिला वैशाली) के रूप में हुई।
खबरें और भी
बरामदगी के बाद पुलिस ने बच्चों की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनका फोटो एवं वीडियो भी तैयार किया। जीआरपी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए तीनों बच्चों को झाझा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बरामदगी के समय झाझा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे और पूरे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। इस संबंध में की गई कार्रवाई एवं प्राप्त सूचना को थाना दैनिकी में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बच्चों के परिजनों से संपर्क कर मामले की पूरी जानकारी जुटाने में लगी।