पश्चिमी चंपारण में सांड़ ने बाइक सवार को पटका, इलाज के दौरान मौत; गुस्साए लोगों ने सड़क किया जाम
नरकटियागंज-बेतिया मार्ग पर सांड़ के हमले से बाइक सवार संतोष साह की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिसे पुलिस ...और पढ़ें
-1783826557375_m.webp)
नरकटियागंज- बेतिया सड़क जाम किए आक्रोशित लोगों को समझाती पुलिस। फोटो जागरण
HighLights
नरकटियागंज में सांड़ के हमले से बाइक सवार की मौत।
मृतक संतोष साह आम बेचकर घर लौट रहे थे।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम किया।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। नरकटियागंज-बेतिया मुख्य मार्ग पर एसएसबी कैंप के आगे सोफवा गांव के समीप सांड़ के हमले में बाइक सवार की मौत हो गई है, जिससे गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया है।
मृतक की पहचान चनपटिया थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव निवासी संतोष साह (42) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन सुबह शव लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और मुख्य सड़क जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
सूचना पर पहुंची शिकारपुर पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। बताया जाता है कि संतोष साह शनिवार की देर रात आम बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सांड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी प्रेमशीला देवी, पुत्री अंजली कुमारी (13) तथा पुत्र रोहित कुमार (6) और राहुल कुमार (4) का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें- असम:12 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, बिहार का रहने वाला आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- हाजीपुर में महिला होमगार्ड को बंधक बना दुष्कर्म, छोटी बहन के साथ भी छेड़खानी