जमुई में उपद्रवियों की करतूत: रात के अंधेरे में किऊल नहर काटने की कोशिश, पुलिस पहुंचते ही फरार हुए आरोपी
जमुई में उपद्रवियों ने अपर किऊल मुख्य नहर को काटकर जल प्रवाह बाधित करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस और सिंचाई विभाग ने विफल कर दिया। ...और पढ़ें
-1785561773261_m.webp)
HighLights
जमुई में अपर किऊल नहर को काटने का प्रयास विफल।
पुलिस और सिंचाई विभाग की तत्परता से उपद्रवी हुए फरार।
अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, जमुई। निर्माणाधीन अपर किऊल मुख्य नहर को क्षतिग्रस्त करने की बड़ी साजिश को पुलिस और सिंचाई विभाग की तत्परता ने विफल कर दिया।
खैरा प्रखंड अंतर्गत बरियारपुर गांव के समीप गिद्धेश्वर पहाड़ी से सटे वीरान इलाके में शुक्रवार देर रात करीब 10:30 बजे कुछ शरारती तत्व नहर को काटकर जल प्रवाह बाधित करने का प्रयास कर रहे थे।
इसकी सूचना मिलते ही कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल ने तत्काल पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई को अवगत कराया। सूचना के बाद खैरा थाना की रात्रि गश्ती टीम सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस बल को आता देख नहर काटने में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर जांच के दौरान निर्माणाधीन अपर किऊल मुख्य नहर के 6980 मीटर बिंदु पर करीब दो फीट हिस्से को काटा हुआ पाया गया।

वहां स्थित क्रास ड्रेनेज (सीडी) को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया गया था, ताकि नहर का अधिक से अधिक पानी चैनल के रास्ते डूंडो-नर्वदा की ओर मोड़ा जा सके। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि 7700 मीटर के पास एक आउटलेट और स्लोप को भी आंशिक नुकसान पहुंचाकर नहर के जल प्रवाह को बाधित करने की कोशिश की गई थी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह कृत्य नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि संबंधित स्थल पर फिलहाल केवल मिट्टी का कार्य पूरा हुआ है।

पीसीसी लाइनिंग का कार्य अभी शेष है। लाइनिंग पूरी होने के बाद ही दोनों ओर के आउटलेट से पूरी क्षमता के साथ पानी छोड़ा जाएगा। फिलहाल हुई तोड़फोड़ के कारण सिकंदरा की ओर नहर के टेल एंड तक पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
खबरें और भी
सिंचाई विभाग ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा जल प्रवाह में बाधा उत्पन्न करने के मामले में अज्ञात शरारती तत्वों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।