Bihar Pension: जमुई में 45 हजार पेंशनधारियों का रुकेगा भुगतान, जीवन प्रमाणीकरण के बाद ही मिलेगी पेंशन
जमुई जिला प्रशासन ने 45,031 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों से जल्द जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की है। प्रमाणीकरण न कराने पर उनका पेंशन भुगतान रोक दिया ...और पढ़ें

बिहार में पेंशन स्कीम। फाइल फोटो
HighLights
45,031 पेंशनधारियों ने नहीं कराया जीवन प्रमाणीकरण।
प्रमाणीकरण न होने पर पेंशन भुगतान रोक दिया जाएगा।
प्रखंड कार्यालयों और सीएससी में प्रमाणीकरण की व्यवस्था।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिला प्रशासन ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को जीवन प्रमाणीकरण कराने की अंतिम अपील की है। समाहरणालय के सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 2,02,218 पेंशनधारी हैं, जिसमें से अब तक केवल 1,57,187 लाभार्थियों ने ही जीवन प्रमाणीकरण कराया है।
जांच में 4897 पेंशनधारी मृत पाए गए हैं। अब भी 45,031 लाभार्थियों द्वारा जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जीवन प्रमाणीकरण से वंचित पेंशनधारियों का पेंशन भुगतान राज्य स्तर से रोक दिया गया है। प्रमाणीकरण कराने के बाद ही उनका भुगतान पुनः प्रारंभ हो सकेगा।
प्रखंड कार्यालय में होगा भौतिक जीवन प्रमाणीकरण
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक ने बताया कि लाभार्थियों की सुविधा के लिए कामन सर्विस सेंटर के साथ-साथ सभी प्रखंड कार्यालयों में बायोमैट्रिक डिवाइस और भौतिक जीवन प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गई है।
जिन लाभार्थियों का प्रमाणीकरण बायोमैट्रिक डिवाइस से संभव नहीं हो पा रहा है, वे प्रखंड कार्यालय जाकर भौतिक जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि वंचित लाभार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण रोजाना प्रखंड और पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर प्रमाणीकरण का काम किया जाएगा।
अभियान में तेजी लाने का निर्देश
अधिकारियों ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और पंचायत सचिवों को निर्देश दिया है कि वे अपने क्षेत्र के वंचित पेंशनधारियों की सूची तैयार कर उन्हें सूचना दें और कैंप लगाकर प्रमाणीकरण सुनिश्चित करें।
प्रशासन का कहना है कि यह प्रक्रिया लाभार्थियों के हित में है, ताकि अपात्र और मृत व्यक्तियों के नाम पर पेंशन का भुगतान न हो। जिला प्रशासन ने अपील की है कि पेंशनधारी 45,031 बचे हुए लाभार्थी जल्द से जल्द अपने नजदीकी सीएससी या प्रखंड कार्यालय जाकर जीवन प्रमाणीकरण कराएं, अन्यथा उनका पेंशन भुगतान लंबित रहेगा।