'मैं विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी', भाजपा के कार्यक्रम में कृषि मंत्री के बयान ने बटोरी सुर्खियां
लखीसराय में भाजपा के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 'म ...और पढ़ें

कृषि मंत्री विजय सिन्हा। फाइल फोटो
HighLights
लखीसराय में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू।
कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने 'विजय बिहारी' बयान दिया।
गरीब कल्याण योजनाओं और संगठन की भूमिका पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत शनिवार को स्थानीय एक होटल में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, मां भारती एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की।
प्रथम सत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने अपनी सरकारों की गरीब कल्याण योजनाओं एवं उसके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका विषय पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल संगठन की ताकत नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के मजबूत आधार हैं। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा, मैं विजय सिन्हा नहीं, विजय बिहारी हूं। बिहार की मिट्टी, संस्कृति और यहां के लोगों के सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहना ही मेरी पहचान है।
उन्होंने कहा कि संगठन की विचारधारा, राष्ट्र प्रथम की भावना, सुशासन, सेवा और जन समर्पण जैसे विषय भाजपा की कार्यशैली की आत्मा हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के सिद्धांत आज भी संगठन के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और जनसेवा के प्रति समर्पित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अन्य पदाधिकारियों ने भी रखे विचार
दूसरे सत्र में भाजपा के क्षेत्रीय प्रभारी राजेश झा ने भाजपा का इतिहास विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास राष्ट्रवाद, वैचारिक संघर्ष और सेवा की गौरवगाथा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक परंपराओं को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।
तीसरे सत्र में मुंगेर के विधायक कुमार प्रणय ने विचार परिवार विषय पर बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित एक विचार परिवार है।
उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं में वैचारिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और सेवा भावना को जरूरी बताया। चौथे सत्र में सियाराम सिंह ने बूथ प्रबंधन विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि बूथ संगठन की वास्तविक शक्ति का केंद्र है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता से ही संगठन मजबूत होता है।
यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी का गृह जिला उड़ान योजना से बाहर, टूटा आम लोगों के हवाई सफर का सपना
यह भी पढ़ें- 'बाहर कमाए भेजलक, कफन में लौटल'... इंदौर अग्निकांड में बिहार के एक और मजूदर की मौत, अब तक 6 ने तोड़ा दम