Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BSEB 10th Topper: मार्बल मिस्त्री के बेटे ने किया कमाल, शुभम ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में हासिल की 8वीं रैंक

    Updated: Sun, 29 Mar 2026 06:53 PM (GMT+05:30)

    बरहट के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, गुगुलडीह के छात्र शुभम कुमार ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में 883 अंक (96.6%) प्राप्त कर राज्य में आठवां स्थान ...और पढ़ें

    अपने माता पिता और प्रधानाचार्य के साथ शुभम। (जागरण)

    अपने माता पिता और प्रधानाचार्य के साथ शुभम। (जागरण)

    HighLights

    1. शुभम कुमार ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में 8वां स्थान प्राप्त किया।

    2. 883 अंक (96.6%) हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

    3. पिता मार्बल मिस्त्री, मां बीड़ी बनाकर करती हैं मदद।

    संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। बरहट प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, गुगुलडीह के मेधावी छात्र शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार में आठवां स्थान प्राप्त किया है।

    शुभम ने 883 अंक (96.6 प्रतिशत) हासिल कर न सिर्फ विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही शुभम के घर और विद्यालय में बधाई देने वालों का तांता लग गया।

    ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। शुभम की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत के साथ-साथ परिवार का संघर्ष भी जुड़ा है। उनके पिता मार्बल मिस्त्री के रूप में कार्य करते हैं और परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर मेहनत करते हैं।

    उन्होंने बताया कि शुभम बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है और देर रात तक पढ़ाई करता था। वहीं, उनकी माता घर के कामकाज के साथ बीड़ी बनाकर परिवार की आर्थिक मदद करती हैं।

    उन्होंने भावुक होकर कहा कि बेटे की सफलता ने उनकी सारी मेहनत को सार्थक कर दिया। शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित स्वाध्याय को दिया।

    उन्होंने बताया कि उन्होंने नियमित दिनचर्या का पालन करते हुए हर विषय की गहराई से पढ़ाई की, खासकर गणित और विज्ञान में अधिक अभ्यास किया।

    उन्होंने आगे विज्ञान संकाय से पढ़ाई जारी रखते हुए इंजीनियर बनने का लक्ष्य बताया और कहा कि वे उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर देश और समाज के विकास में योगदान देना चाहते हैं।

    प्रिंसिपल ने जताया गर्व

    विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यनारायण प्रसाद कुर्मी एवं शिक्षक मनीष दूबे ने कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है।

    उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से उनका सपना था कि विद्यालय का कोई छात्र राज्य के टाप-10 में स्थान बनाए जो आज शुभम की सफलता से पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि इससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिलेगी कि सरकारी विद्यालय से भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।

    यह भी पढ़ें- LIC एजेंट के बेटे ने बिहार बोर्ड मैट्रिक में हासिल किया 8वां स्थान, इंजीनियर बनना चाहते हैं आरा के रौशन कुमार

    यह भी पढ़ें- BSEB 10th Toppers List: मजदूर के बेटे ने मैट्रिक में लहराया परचम, बिहार में 7वां और जिले में हासिल किया पहला स्थान

    यह भी पढ़ें- BSEB 10th Topper: टॉप 10 में पहुंची फेरी वाले की बेटी, आसमान में उड़ान भरना चाहती है सासाराम की खुशी