Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    PM किसान सम्मान निधि से कट सकता है नाम, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आज ही कराएं ये काम 

    Updated: Sun, 31 May 2026 06:43 AM (IST)

    बिहार में किसानों के लिए फार्मर आइडी और किसान रजिस्ट्रेशन करवाना अब बेहद जरूरी हो गया है। इसके बिना किसान सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि संबंधित योजनाओ ...और पढ़ें

    किसानों की फार्मर आईडी। फाइल फोटो

    किसानों की फार्मर आईडी। फाइल फोटो

    HighLights

    1. फार्मर आइडी और किसान रजिस्ट्रेशन अब सभी किसानों के लिए अनिवार्य।

    2. बिना फार्मर आइडी सरकारी कृषि योजनाओं के लाभ से वंचित।

    3. पंजीकरण के लिए आधार, मोबाइल, जमीन, बैंक खाता आवश्यक।

    जागरण संवाददाता, भभुआ। अब सभी किसानों के लिए किसान रजिस्ट्रेशन और फार्मर आइडी बनवाना बेहद जरूरी हो गया है। कृषि विभाग द्वारा लगातार गांव-गांव भ्रमण कर किसानों का फार्मर आइडी बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके बावजूद जो किसान अब भी इस कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें आने वाले दिनों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

    विभाग ने साफ कर दिया है कि जिन किसानों का फार्मर आइडी नहीं बनेगा, वे सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि संबंधित योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। कृषि विभाग की टीम, किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक एवं संबंधित कर्मी गांवों के किसानों का रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं।

    किसानों को ऑनलाइन पोर्टल पर जोड़कर उनका फार्मर आइडी तैयार किया जा रहा है ताकि भविष्य में सरकार द्वारा मिलने वाली सभी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके। अब कृषि योजनाओं में पारदर्शिता लाने और सही किसानों तक सहायता पहुंचाने के लिए फार्मर आइडी अनिवार्य कर दी गई है।

    सरकार द्वारा किसानों को बीज अनुदान, खाद सब्सिडी, कृषि यंत्र पर अनुदान, डीजल अनुदान, फसल क्षति मुआवजा, पीएम किसान सम्मान निधि, सिंचाई योजना, फसल बीमा सहित कई योजनाओं का लाभ दिया जाता है, लेकिन आने वाले समय में इन सभी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनका किसान रजिस्ट्रेशन एवं फार्मर आइडी बना होगा।

    खबरें और भी

    ऐसे में विभाग लगातार किसानों को जागरूक करने में जुटा हुआ है। कुछ किसान इसे सामान्य प्रक्रिया समझकर नजर अंदाज कर रहे हैं, जबकि यह आगे चलकर उनके लिए बड़ी समस्या बन सकती है। विभागीय अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे समय रहते आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना रजिस्ट्रेशन अवश्य करवा लें।

    फार्मर आइडी बनाने के लिए लगेंगे कागजात

    फार्मर आइडी बनाने के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, जमीन से संबंधित कागजात एवं बैंक खाता की जानकारी देनी होगी। कई जगहों पर पंचायत भवन, कृषि कार्यालय में यह कार्य किया जा रहा है।

    वहीं, कृषि विभाग की मोबाइल टीम भी गांवों में पहुंचकर किसानों का आनलाइन पंजीकरण कर रही है ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो।

    सरकार अब कृषि कार्य को भी डिजिटल व्यवस्था को मजबूत कर रही है। इसी के तहत हर किसान का डेटा आनलाइन जोड़ा जा रहा है। इससे फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी और वास्तविक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

    डीएओ विकास कुमार ने बताया कि किसान तेजी से अपना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। वहीं, कुछ किसान अब भी इंतजार कर रहे हैं। किसानों को अंतिम समय का इंतजार नहीं करना चाहिए क्योंकि बाद में सर्वर की समस्या या भीड़ बढ़ने से परेशानी हो सकती है।

    साथ ही कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं चला रही है। लेकिन इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब डिजिटल पहचान जरूरी हो गई है।

    इसलिए सभी किसान जल्द से जल्द फार्मर आइडी बनवाकर अपनी जानकारी अपडेट करवा लें ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी सहायता से वंचित न होना पड़े।

    यह भी पढ़ें- बिहार में 50 लाख से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री, सरकारी योजनाओं का मिलेगा सीधा लाभ