बिहार में सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद उग्र हुई भीड़, बाइक सवार को पीट-पीटकर मार डाला
कटिहार के रहमानपुर गांव में बाइक दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोर की मौत के बाद हिंसा भड़क उठी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक चालक को पीट-पीटकर मार डाला। ...और पढ़ें
-1777224625188_m.webp)
पीट-पीटकर युवक की हत्या। (जागरण)
HighLights
बाइक की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बाइक चालक को पीट-पीटकर मार डाला।
गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार)। प्रखंड के रहमानपुर गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे के बाद हिंसा भड़क उठी।
बाइक की चपेट में आने से 15 वर्षीय मो. खुसरो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने बाइक चालक मो. सुकरुद्दीन (40) को खदेड़कर पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों मृतक रहमानपुर गांव के ही निवासी थे और उनके घर अगल-बगल स्थित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आक्रोशितों ने सुकरुद्दीन को बिजली के पोल से बांधकर लगातार पीटा, जिससे उसकी जान चली गई।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही सुधानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया।
मौके पर पहुंचे जदयू नेता
स्थानीय जदयू नेता ख्वाजा शाहिद भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- थाने में युवक ने काटी कलाई, खाई नशीली गोलियां; रोहतास में पुलिस कस्टडी में आत्मघाती प्रयास से हड़कंप
यह भी पढ़ें- दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी, नालंदा में शादी के 6 दिन बाद ही युवक की गोली मारकर हत्या